ओबीसी की वास्तविक संख्या जानने जनगणना में जातिगत गणना की मांग
रायगढ़। आगामी जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) की भी जातिगत गणना शामिल किए जाने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) पिछड़ा वर्ग विभाग द्वारा राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर रायगढ़ के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में ओबीसी समाज की वास्तविक जनसंख्या का प्रमाणिक आंकड़ा प्राप्त करने तथा उसी के आधार पर नीतियों और योजनाओं का निर्माण सुनिश्चित करने की मांग की गई।
जिला कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग के अध्यक्ष कन्हैया पटेल एवं ग्रामीण अध्यक्ष बबलू साहू के नेतृत्व में अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता कलेक्टोरेट पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
‘सही गिनती से ही सही हिस्सेदारी और सामाजिक न्याय’
ज्ञापन में कहा गया कि भारत की सामाजिक संरचना अत्यंत विविधतापूर्ण है। देश के अलग-अलग राज्यों, क्षेत्रों एवं भाषाओं में एक ही जाति या समुदाय के अलग-अलग नाम, उपनाम, पारंपरिक व्यवसाय-सूचक नाम अथवा अलग-अलग वर्तनी प्रचलित होने के कारण जनगणना में वास्तविक संख्या सामने आने में कठिनाई हो सकती है। इसलिए जातियों की गणना के लिए वैज्ञानिक, प्रमाणिक एवं एकरूप मानक निर्धारित किया जाना आवश्यक है।
कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग ने मांग की कि आगामी जनगणना में ओबीसी वर्ग को स्पष्ट रूप से शामिल किया जाए और प्रत्येक जाति के लिए विशिष्ट वैज्ञानिक कोड एवं वैज्ञानिक वर्गीकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि एक ही जाति के अलग-अलग नामों अथवा क्षेत्रीय पहचान के कारण आंकड़े अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित न हों।
एक जाति, अनेक नाम से बंटने का खतरा
ज्ञापन में विशेष रूप से कहा गया कि केवल किसी व्यक्ति से उसकी जाति पूछ लेना पर्याप्त नहीं है। यह भी सुनिश्चित करना जरूरी है कि एक ही प्रमाणित जाति के अलग-अलग नाम, पर्यायवाची नाम, क्षेत्रीय नाम, उच्चारण एवं वर्तनी के अंतर के कारण उसे अलग-अलग जातियों के रूप में दर्ज न कर दिया जाए।
ज्ञापन में इस बात पर जोर दिया गया कि सही गणना, सही आंकड़े, सही हिस्सेदारी, सामाजिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण आधार बनेगी।
नीति निर्माण के लिए प्रमाणिक आंकड़े जरूरी
ज्ञापन सौंपने वालों ने कहा कि ओबीसी वर्ग की वास्तविक जनसंख्या के प्रमाणिक आंकड़े उपलब्ध होने से सरकार को शिक्षा, रोजगार, सामाजिक कल्याण, आर्थिक विकास एवं अन्य क्षेत्रों में योजनाएं तैयार करने में मदद मिलेगी। इससे सरकारी नीतियां अधिक प्रभावी और लक्षित तरीके से बनाई जा सकेंगी।
उन्होंने राष्ट्रपति से मांग की कि आगामी जनगणना में ओबीसी की जातिगत गणना को शामिल करने तथा जातियों के वैज्ञानिक एवं मानकीकृत वर्गीकरण की दिशा में आवश्यक पहल की जाए।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग के अध्यक्ष कन्हैया पटेल, ग्रामीण अध्यक्ष बबलू साहू, जिला शाखा शहर अध्यक्ष शाखा यादव, जिला ग्रामीण अध्यक्ष नागेन्द्र नेगी सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं पिछड़ा वर्ग के साथी उपस्थित रहे।



