एमसीबी । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत सेवा, जनजागरूकता, सामाजिक सहभागिता और जनसंवाद से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी भाजपा जिला कार्यालय एमसीबी में आयोजित प्रेस वार्ता में वरिष्ठ भाजपा नेता मेजर अनिल सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि सामान्यतः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जाता है, लेकिन इस वर्ष 7 अक्टूबर को उनके जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में अभियान को एक माह तक विस्तारित किया गया है। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा, सुशासन और जनकल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना तथा ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को मजबूत करना है।
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को सेवा दिवस के रूप में होगी। इस दौरान रक्तदान शिविर, ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के तहत दीप प्रज्ज्वलन, 2 अक्टूबर को स्वच्छता अभियान, तथा स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
अभियान के तहत ‘नमो सेवा : अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा: मेरा योगदान’ और ‘सेवा सेतु अभियान’ सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे। ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाकर पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने का भी प्रयास किया जाएगा। वहीं युवा मोर्चा द्वारा सेवा यात्राओं एवं गांवों में चौपाल के माध्यम से युवाओं और ग्रामीणों से संवाद किया जाएगा।
मेजर अनिल सिंह ने कहा कि अभियान का मूल उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से सेवा की भावना को मजबूत करना और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के संदेश को आगे बढ़ाना है।
प्रेस वार्ता में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष चंपा देवी पावले, जिला महामंत्री आशीष मजूमदार, जिला मीडिया प्रभारी रामचरित द्विवेदी, जिला प्रवक्ता जमुना पांडे, जिला उपाध्यक्ष संजय राय एवं राजकुमार बधावन सहित भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



