7 गांजा तस्करों से 50.761 किलो गांजा, 2 कार, KTM बाइक और 5 मोबाइल समेत ₹36.49 लाख की संपत्ति जब्त
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ए.एन.टी.एफ. (ANTF) एवं थाना सरसीवां पुलिस की संयुक्त टीम ने चार गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 40 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त होंडा सिटी कार, KTM मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन समेत कुल ₹28 लाख 60 हजार की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल तथा एसडीओपी दीपिका मिंज के मार्गदर्शन में की गई।
ओडिशा से पामगढ़ ले जा रहे थे गांजा
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से गांजा तस्कर छत्तीसगढ़ के रास्ते गांजा लेकर पामगढ़ की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर ए.एन.टी.एफ. और थाना सरसीवां पुलिस ने ग्राम गाताडीह-गोपालपुर रोड पर राजकुमार राणा की ऑटो पार्ट्स दुकान के पास घेराबंदी की।
इस दौरान सफेद रंग की होंडा सिटी कार क्रमांक CG 04 LP 0011 को रोककर तलाशी ली गई। कार में सवार टुकेश्वर यादव (22), गणेश राम यादव (21) को पकड़ा गया। वहीं कार के आगे KTM मोटरसाइकिल से पायलेटिंग कर रहे भावेश साहू और विनोद यादव को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान कार के अंदर रखे 40 पैकेटों में कुल 40 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपियों की निशानदेही पर पायलेटिंग में इस्तेमाल की जा रही KTM मोटरसाइकिल क्रमांक CG 22 W 6889 और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
चारों आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में
पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर चारों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
24 घंटे में दो मामलों में बड़ी सफलता
सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस के अनुसार पिछले 24 घंटे के भीतर थाना सरिया एवं थाना सरसीवां के दो अलग-अलग प्रकरणों में कुल 7 गांजा तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। इन दोनों मामलों में पुलिस ने कुल 50.761 किलोग्राम गांजा, 2 कार, 1 KTM मोटरसाइकिल और 5 मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब ₹36 लाख 49 हजार बताई गई है। लगातार की जा रही कार्रवाई से जिले में गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क में हड़कंप मचा हुआ है।



