मवेशियों को लगाए जा रहे रेडियम बेल्ट, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम पर फोकस।
पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा, भापुसे के निर्देशन में यातायात पुलिस कांकेर द्वारा NH-30 पर रात्रिकालीन सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष अभियान प्रारंभ किया गया है।
मचांदुर से कोमलपुर ढाबा तक लगभग 48 किलोमीटर हाईवे क्षेत्र में आगामी 03 दिनों तक यातायात पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग-1 एवं 2 तथा थाना चारामा की संयुक्त टीम द्वारा सड़क पर विचरण करने वाले मवेशियों को रेडियम बेल्ट लगाए जाएंगे।
रेडियम बेल्ट पर वाहन की हेडलाइट पड़ते ही वह चमकता है, जिससे रात में मवेशी वाहन चालकों को दूर से दिखाई देंगे और समय रहते वाहन की गति नियंत्रित की जा सकेगी। पूर्व में भी हाईवे क्षेत्र में मवेशियों को रेडियम बेल्ट लगाए गए हैं। वर्तमान अभियान में अधिक से अधिक मवेशियों को रेडियम बेल्ट लगाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
यातायात प्रभारी श्री दीपक साव के नेतृत्व में संचालित इस अभियान का उद्देश्य मवेशियों एवं वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जान-माल की क्षति को कम करना है।
📢 कांकेर पुलिस की अपील
NH-30 पर रात्रि में वाहन चलाते समय गति नियंत्रित रखें, हेडलाइट का उचित उपयोग करें और सड़क पर मौजूद मवेशियों के प्रति विशेष सावधानी बरतें।



