बीजापुर@ रामचन्द्रम एरोला – जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को प्रेस वार्ता कर पीएससी परीक्षा की मूल्यांकन प्रक्रिया पर सवाल उठाए। विधायक विक्रम मंडावी ने आरोप लगाया कि सही और गलत उत्तरों पर कई मामलों में बराबर अंक दिए गए, जबकि कुछ मामलों में गलत उत्तर देने वाले अभ्यर्थियों को अधिक अंक मिले।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में 265 पदों के लिए 1:3 के अनुपात से 795 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाना चाहिए था, लेकिन 608 अभ्यर्थियों का ही चयन हुआ। उन्होंने सभी उत्तर-पुस्तिकाएं सार्वजनिक करने, पुनर्मूल्यांकन कराने और साक्षात्कार में 1:3 नियम का पालन करने की मांग की।
मंडावी ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए मॉडल उत्तर जारी किए जाएं और मामले के निराकरण तक साक्षात्कार स्थगित किया जाए।
प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लालू राठौर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुड़ियम, जिला पंचायत सदस्य नीना रावतिया उद्दे, आर. वेणुगोपाल राव, इम्तियाज खान, बेनहूर रावतिया, प्रवीण डोंगरे, पुरुषोत्तम सल्लूर, राजकुमार गुप्ता और गुड्डू कोरसा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



