Home Blog गुण्डाधुर सम्मान वर्ष 2026-27 के लिए अनुशंसाएं आमंत्रित

गुण्डाधुर सम्मान वर्ष 2026-27 के लिए अनुशंसाएं आमंत्रित

0

उत्तर बस्तर कांकेर, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ द्वारा राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदान किए जाने वाले गुण्डाधुर सम्मान वर्ष 2026-27 के लिए पात्र खिलाड़ियों एवं टीम से निर्धारित प्रारूप में अनुशंसाएं आमंत्रित की गई हैं। सम्मान के लिए अनुशंसाएं 20 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तुत की जा सकती हैं।

गुण्डाधुर सम्मान एक खिलाड़ी अथवा एक टीम को प्रदान किया जा सकता है। सम्मान के अंतर्गत चयनित खिलाड़ी या टीम को एक लाख रुपये नगद, अलंकरण फलक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।

Ro.No - 13954/39

सम्मान के लिए ऐसे खिलाड़ी पात्र होंगे, जिन्होंने वर्ष 2025-26 में भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय खेल अलंकरण के लिए मान्य खेलों की सीनियर वर्ग राष्ट्रीय चैंपियनशिप अथवा राष्ट्रीय खेलों में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण, रजत या कांस्य पदक प्राप्त किया हो अथवा अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया हो।

सम्मान पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों के लिए संयुक्त रूप से होगा तथा उपलब्धियों का मूल्यांकन संयुक्त रूप से किया जाएगा। पात्रता के लिए खिलाड़ी का छत्तीसगढ़ का स्थानीय निवासी होना अथवा उपलब्धि वर्ष एवं पुरस्कार वर्ष में राज्य की किसी मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्था में नियमित अध्ययनरत होना या छत्तीसगढ़ के शासकीय, अर्द्धशासकीय अथवा सार्वजनिक उपक्रम में निरंतर कार्यरत होना आवश्यक है।

यह सम्मान खिलाड़ी को जीवनकाल में केवल एक बार प्रदान किया जाएगा। साथ ही, महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान से अलंकृत खिलाड़ी गुण्डाधुर सम्मान के लिए पात्र नहीं होंगे।

शासकीय, अर्द्धशासकीय अथवा सार्वजनिक उपक्रम में कार्यरत आवेदकों को संबंधित विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से विभागीय वेबसाइट sportsyw.cg.gov.in पर अपलोड किए जाने पर ही मान्य होंगे।

आवेदन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here