Home Blog बस्तर ओलंपिक के लिए 1 अक्टूबर से शुरू होगा पंजीयन

बस्तर ओलंपिक के लिए 1 अक्टूबर से शुरू होगा पंजीयन

0
विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर होंगे खेल आयोजन, बिना पंजीयन प्रतिभागिता नहीं

उत्तर बस्तर कांकेर  बस्तर क्षेत्र के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने, उनकी रचनात्मकता एवं खेल प्रतिभा को निखारने तथा उन्हें अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बस्तर संभाग के सभी जिलों में बस्तर ओलंपिक 2026 का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर कांकेर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिले में भी प्रतियोगिता का व्यापक आयोजन किया जाएगा।

बस्तर ओलंपिक में जूनियर वर्ग में 14 से 17 वर्ष आयु के बालक-बालिकाएं तथा सीनियर वर्ग में महिला एवं पुरुष प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। नक्सल हिंसा में दिव्यांग हुए प्रतिभागियों एवं पुनर्वासित सदस्यों की प्रतिभागिता सीधे संभाग स्तर पर सुनिश्चित की जाएगी।

Ro.No - 14097/148
1 से 30 अक्टूबर तक होगा पंजीयन

प्रतियोगिता के लिए 01 से 30 अक्टूबर 2026 तक पंजीयन किया जाएगा। विकासखंड स्तर पर जनपद पंचायत एवं कार्यालय खंड शिक्षा अधिकारी, जबकि जिला स्तर पर कार्यालय जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण, इंडोर स्टेडियम भवन कांकेर तथा कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कांकेर में पंजीयन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन पंजीयन भी किया जा सकेगा। बिना पंजीयन के किसी भी प्रतिभागी को प्रतियोगिता में शामिल नहीं किया जाएगा। पंजीयन के लिए आधार कार्ड अथवा वोटर आईडी तथा स्वयं के बैंक खाते की जानकारी देना अनिवार्य होगा। बैंक विवरण में नाम, पता, पिता का नाम, खाता क्रमांक एवं आईएफएससी कोड आवश्यक है। पुरस्कार राशि डीबीटी के माध्यम से प्रतिभागी के खाते में भेजी जाएगी।

नवंबर-दिसंबर में होंगे चरणबद्ध आयोजन

बस्तर ओलंपिक 2026 के तहत विकासखंड स्तर की प्रतियोगिताएं 1 से 13 नवंबर, जिला स्तर की प्रतियोगिताएं 16 से 25 नवंबर तथा संभाग स्तर की प्रतियोगिताएं 7 से 11 दिसंबर तक आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स के अंतर्गत 100, 200 एवं 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो और 4×100 मीटर रिले रेस शामिल हैं। इसके अलावा तीरंदाजी (30 एवं 50 मीटर), बैडमिंटन, फुटबॉल, कराते, कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेलों में प्रतिभागिता होगी। हॉकी एवं वेटलिफ्टिंग का आयोजन सीधे जिला स्तर पर किया जाएगा। वहीं सीनियर महिला वर्ग के लिए रस्साकसी को प्रदर्शनात्मक खेल के रूप में शामिल किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here