बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम पंचायत पामगल में 01 अक्टूबर को ‘सेवा सेतु’ शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने का मार्गदर्शन दिया।
कलेक्टर विश्वदीप ने ग्रामीणों को एग्रीस्टेक पंजीयन, श्रम कार्ड, बीमा, छात्रवृत्ति, कृषि एवं मत्स्य योजनाओं की जानकारी देते हुए आवश्यक पंजीयन समय पर कराने की अपील की।
स्वास्थ्य विभाग ने स्वास्थ्य परीक्षण के साथ आयुष्मान कार्ड और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी, वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग ने पोषण और बाल विवाह रोकथाम के प्रति जागरूक किया।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा ने ग्रामीणों से जैविक खेती अपनाने और गांव को नशामुक्त बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को बाल विवाह मुक्त समाज और स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
शिविर में सीईओ जिला पंचायत नम्रता चौबे, एसडीएम यशवंत नाग, सीएमएचओ डॉ. बी.आर. पुजारी, तहसीलदार लक्ष्मण राठिया, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



