बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – वन्यजीव संरक्षण और स्वच्छता के संदेश के साथ बीजापुर में वन्यजीव सप्ताह का शुभारंभ वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने किया। उन्होंने इन्द्रावती टाइगर रिजर्व के बाघ रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रथ गांव-गांव पहुंचकर बाघ संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा और मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व के प्रति जागरूक करेगा।
इसके बाद सेवा मेरा योगदान अभियान के तहत ऐतिहासिक महादेव तालाब में श्रमदान कर जलकुंभी और कचरे की सफाई की गई। इस दौरान मंत्री ने स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने का संदेश देते हुए उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
केदार कश्यप ने कहा कि वन, वन्यजीव और जलस्रोतों का संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि साल के अंत तक बीजापुर में इको-टूरिज्म गतिविधियां शुरू की जाएंगी, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
कार्यक्रम में नैमेड़ की स्वच्छाग्रही दीदियों को सम्मानित किया गया तथा नगरपालिका की स्वच्छता दीदियों को स्वच्छता एवं पीपीई किट प्रदान किए गए।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, नगरपालिका अध्यक्ष गीता सोम पुजारी, कलेक्टर विश्वदीप, एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता, सीईओ जिला पंचायत नम्रता चौबे, डीएफओ डॉ. जाधव सागर, उप निदेशक इन्द्रावती टाइगर रिजर्व सुमेध संजय सुरवाड़े सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।



