आवास, राशन, स्वास्थ्य, रोजगार और धान खरीदी सहित मूलभूत सुविधाओं पर ग्रामीणों से की चर्चा
बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – जिले के सुदूर एवं दुर्गम क्षेत्रों में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से कलेक्टर विश्वदीप ने भैरमगढ़ विकासखंड के दूरस्थ ग्राम तुसावल का दौरा किया। इस दौरान वे नदी पार कर गांव पहुंचे और ग्रामीणों के बीच चौपाल लगाकर उनकी समस्याएं एवं आवश्यकताएं सुनीं।
कलेक्टर ने ग्रामीणों से राशन वितरण, स्वास्थ्य सेवाओं, रोजगार, आवास निर्माण और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने पात्र हितग्राहियों के राशन कार्ड, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड एवं श्रम कार्ड बनवाने पर जोर दिया, ताकि कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
चौपाल में आयुष्मान भारत, जननी सुरक्षा, महतारी वंदन एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जानकारी दी गई। गर्भवती महिलाओं को संस्थागत प्रसव और मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही वीबी राम जी योजना के तहत जॉब कार्ड, रोजगार के अवसर, डबरी-तालाब निर्माण तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के संबंध में भी चर्चा की गई।
कलेक्टर ने किसानों से धान खरीदी, पंजीयन एवं गिरदावरी से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी साझा की। वहीं उचित मूल्य दुकान से राशन वितरण की स्थिति के बारे में ग्रामीणों से जानकारी ली। मतदाता सूची में नए नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरने की प्रक्रिया भी समझाई गई और 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता पंजीयन कराने के लिए प्रेरित किया गया।
कलेक्टर विश्वदीप ने कहा कि दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले प्रत्येक पात्र परिवार तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों से आवश्यक दस्तावेज तैयार कराकर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
इस दौरान जनपद पंचायत अध्यक्ष दशरी कोरसा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, जनपद पंचायत के सीईओ एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



