सरसीवां – छत्तीसगढ़ के सरसीवां क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टाटा-बिलासपुर निवासी तुमेश्वर साहू को सामाजिक सेवा, आध्यात्मिक जागरूकता एवं रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए छत्तीसगढ़ गौरव अवार्ड से सम्मानित किया गया।
रविवार, 25 अक्टूबर को रायपुर के वृंदावन हॉल में वक्ता मंच के तत्वावधान में आयोजित सम्मान समारोह में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
तुमेश्वर साहू लंबे समय से जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने में मदद कर रहे हैं। साथ ही वे युवाओं को समाजसेवा, आध्यात्मिक जागरूकता और जनकल्याण के कार्यों के लिए प्रेरित करते आ रहे हैं। वे ओम मंडली, जनजागरण मिशन समिति, छत्तीसगढ़ ब्लड डोनर फाउंडेशन एवं एमएस म्यूजिकल ग्रुप जैसी संस्थाओं से जुड़कर निरंतर सेवाएं दे रहे हैं।
सम्मान समारोह में साहू ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य, दिनचर्या और सामाजिक जिम्मेदारियों पर ध्यान देना चाहिए। प्रतिदिन व्यायाम, ध्यान और ॐ के उच्चारण से तन एवं मन को स्वस्थ रखने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने लोगों से जरूरतमंदों की सहायता करने और युवाओं में सकारात्मक सोच विकसित करने की अपील भी की।
तुमेश्वर साहू श्री विजय साहू के सुपुत्र तथा सेवानिवृत्त प्रधानपाठक श्री दशरथ लाल साहू के पौत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार एवं क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। उनका सम्मान समाजसेवा और रक्तदान के लिए समर्पित युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।


