Home Blog 26 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ :...

26 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ : रेणुका सिंह

0
मनेंद्रगढ़ में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया जिला स्तरीय राज्योत्सव, ‘सशक्त नारी-युवा उड़ान’ रही समारोह की थीम

मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनेंद्रगढ़ के स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान में जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। ‘सशक्त नारी-युवा उड़ान’ थीम पर आयोजित समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि भरतपुर-सोनहत विधायक श्रीमती रेणुका सिंह ने छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों, कलाकारों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही।

विकास की नई पहचान बना छत्तीसगढ़

मुख्य अतिथि विधायक रेणुका सिंह ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में गठित छत्तीसगढ़ ने बीते 26 वर्षों में विकास के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का बजट लगभग 5 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर वर्ष 2026-27 में 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं प्रधानमंत्री जनमन योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं से आमजन को लाभ मिल रहा है। उन्होंने विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने के लिए सामूहिक सहभागिता का आह्वान किया। साथ ही चिरमिरी-नागपुर रेललाइन सहित जिले में सड़क एवं आवास निर्माण की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला।

Ro.No - 14097/148
22 से अधिक विभागीय स्टॉलों का किया निरीक्षण, हितग्राहियों को सामग्री वितरित

राज्योत्सव स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा 22 से अधिक स्टॉल लगाए गए थे, जिनमें शासन की योजनाओं, उपलब्धियों एवं नवाचारों की जानकारी दी गई। विधायक रेणुका सिंह ने कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े के साथ स्टॉलों का निरीक्षण कर विभागीय गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान पात्र हितग्राहियों को श्रमिक पंजीयन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, मोटराइज्ड साइकिल, व्हीलचेयर, वनाधिकार पट्टा, स्वच्छता किट, आइस बॉक्स एवं मछली पकड़ने के जाल सहित विभिन्न सामग्रियों का वितरण किया गया।

जिले की विकास यात्रा पर कलेक्टर ने रखे विचार

कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने स्वागत उद्बोधन में जिले की विकास यात्रा की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2022 में एमसीबी जिले के गठन के बाद शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सड़क, पर्यटन एवं आजीविका के क्षेत्रों में निरंतर प्रगति हुई है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण तथा युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार से जोड़ने को प्राथमिकता बताते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सभी से सहभागिता की अपील की।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा दर्शकों का मन

समारोह की सांस्कृतिक संध्या में स्कूली विद्यार्थियों ने सुआ एवं करमा सहित छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुतियों से समां बांधा। मुंबई से आईं गुरशीत कौर की गजल, रायपुर के राहुल ठाकुर के फिल्मी गीत एवं दामिनी पुरी के सितार वादन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। छत्तीसगढ़ी गायक एवं जिला पंचायत सदस्य रामजीत लकड़ा की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही। वहीं नेत्रहीन विद्यालय के बच्चों की सामूहिक गीत प्रस्तुति को खूब सराहना मिली। कलाकारों एवं प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले,जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती यशवंती सिंह, चिरमिरी महापौर रामनरेश राय, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव , वीरेंद्र सिंह राणा सहित विभिन्न नगरीय निकायों एवं जनपद पंचायतों के अध्यक्ष तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अंकिता सोम, अपर कलेक्टर श्रीमती नम्रता डोंगरे, लिंगराज सिदार, एसडीएम शशि शेखर मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here