नक्सल प्रभावित अंचलों से विकास की मुख्यधारा तक पहुंचा बस्तर संभाग – केदार कश्यप
उत्तर बस्तर कांकेर, छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिले में आज राज्योत्सव 2026 हर्षाेल्ला.स एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। पीएमश्री शासकीय नरहरदेव स्कूल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति की मनमोहक झलक देखने को मिली तथा स्कूली बच्चों एवं लोक कलाकारों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। समारोह स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए गए, जिनका अतिथियों एवं आमजन ने अवलोकन किया।
राज्योत्सव समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता तथा संसदीय कार्य मंत्री श्री केदार कश्यप ने राज्योत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ का निर्माण पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया तथा राज्य निर्माण के बाद छत्तीसगढ़ में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से प्रगति हुई है। बस्तर संभाग जो एक जिले के रूप में जाना जाता था, आज सात जिलोें में विभाजित हो गया है, एक समय में यहां अनेका चुनौतियां थीं, दूरस्थ क्षेत्रों में आवागमन और बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। आज सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं संचार सुविधाओं का विस्तार लगातार हो रहा है, सड़क, पुल-पुलियों का निर्माण हुआ है।
शासन के प्रयासों, सुरक्षा बलों, पुलिस, प्रशासन तथा आम नागरिकों के सहयोग से प्रभावित क्षेत्रों में शांति और विकास का वातावरण मजबूत हुआ है। मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ में विकास की नई संभावनाएं खुल रही हैं। रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में भी महत्वपूर्ण कार्य हो रहे हैं और कांकेर क्षेत्र को रेल नेटवर्क से जोड़ने के लिए सर्वेक्षण सहित विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क एवं परिवहन व्यवस्था से दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिल रही है। श्री कश्यप ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करना है, आज हम बस्तर को नक्सल मुक्त होते देख रहे हैं। उन्होंने इस दिशा में पुलिस विभाग, सुरक्षा बलों, प्रशासन और ग्रामीणों के योगदान की सराहना की।
विधायक श्री आशाराम नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ निर्माण के बाद प्रदेश ने निरंतर प्रगति की है। उन्होंने कहा कि कांकेर जिला बनने से पहले क्षेत्र के लोगों को अपनी अनेक प्रशासनिक आवश्यकताओं एवं समस्याओं के समाधान के लिए दूरस्थ स्थानों तक जाना पड़ता था, जबकि आज प्रशासनिक एवं बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है। बस्तर संभाग में नए जिलों के गठन के साथ शासन-प्रशासन की पहुंच आमजन के और अधिक करीब हुई है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में उच्च शिक्षण संस्थानों एवं चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार से युवाओं को नए अवसर मिल रहे हैं। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को उपचार के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिल रहा है, वहीं जल जीवन मिशन, जनधन योजना और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है।
विधायक श्री नेताम ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए महतारी वंदन योजना संचालित की जा रही है। किसानों के हित में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी तथा तेंदूपत्ता संग्राहकों के हित में लिए गए निर्णयों का भी उल्लेख किया गया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद की चुनौती से लंबे समय तक प्रभावित रहे क्षेत्रों में अब शांति और विकास की नई तस्वीर उभर रही है। शासन के प्रयासों के साथ-साथ आम नागरिकों के सहयोग से यह परिवर्तन संभव हो रहा है। सभी को विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प के साथ आगे बढ़ना होगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिलेवासियों को राज्योत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 01 नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ राज्य का गठन प्रदेश के पूर्वजों के संघर्ष, जनभावनाओं और एक अलग पहचान के लंबे सपने का परिणाम था। आज राज्य स्थापना की इस यात्रा में छत्तीसगढ़ निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांकेर जिले में भी पिछले वर्षों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य बुनियादी अधोसंरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन आया है। दूरस्थ क्षेत्रों तक सड़कों और सेवाओं की पहुंच बढ़ी है तथा पंचायतों और ग्रामीण अंचलों की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि हम सभी को मिलकर आने वाली पीढ़ियों के लिए छत्तीसगढ़ के स्वर्णिम भविष्य की मजबूत नींव रखनी है।
राज्योत्सव समारोह में अतिथियों द्वारा विभिन्न विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया गया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देने वाले प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी को राज्योत्सव एवं दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरूण कौशिक, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, श्री महेश जैन, दिलीप जायसवाल, राजा पाण्डेय,पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले, राजा देवनानी, हलधर साहू, टीकेश्वर जैन, कांकेर डीएफओ भानुप्रतापपुर श्री संदीप बलगा, जिला पंचायत सीईओ कांकेर श्री हरेश मण्डावी, अपर कलेक्टर श्री भागवत जायसवाल, एसडीएम श्रीमती सरस्वती बंजारे सहित गणमान्य नागरिक, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।




