प्रमोद अवस्थी मस्तूरी
मस्तूरी। मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत भरारी के आश्रित ग्राम दर्रीपारा में ग्रामवासियों के सामूहिक सहयोग से आयोजित नौ दिवसीय श्री अखण्ड नवधा रामायण का समापन गुरुवार को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीरामचंद्र जी के भव्य राजतिलक के साथ श्रद्धा एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं श्रद्धालु शामिल हुए।
27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में प्रतिदिन भगवान श्रीराम की महिमा का गुणगान किया गया। नौ दिनों तक क्षेत्र की विभिन्न रामायण मंडलियों ने अपनी सुमधुर एवं संगीतमय प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर किया। रामायण मंडलियों द्वारा प्रस्तुत श्रीराम कथा, भजन एवं भगवान श्रीराम के आदर्शों का वर्णन सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
पूरे नौ दिनों तक ग्राम दर्रीपारा में धार्मिक उत्साह और भक्तिमय वातावरण बना रहा। समापन अवसर पर विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ भगवान श्रीरामचंद्र जी का भव्य राजतिलक किया गया। इसके साथ ही नौ दिवसीय अखण्ड नवधा रामायण का विधिवत समापन हुआ।
ग्राम पंचायत भरारी के सरपंच रेखा द्वारिका टंडन ने कहा कि आयोजन को सफल बनाने में ग्रामवासियों का सामूहिक सहयोग, श्रद्धा एवं उत्साह सराहनीय रहा। धार्मिक आयोजन ने गांव में आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव का संदेश दिया। द्वारिका ने कहा मै और हमारी पंचायत ग्राम वासियों से इसी प्रकार सहयोग की अपेक्षा करते है।



