IPL 2024: Both the teams would like to say goodbye to this season with a win, match between Mumbai and Lucknow.
आईपीएल 2024 में आज मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबला होगा. दोनों टीमें प्लेऑफ की रेस से बाहर हैं. ऐसे में इन दोनों के लिए आज साख की लड़ाई है. दोनों जीत के साथ इस सीजन को अलविदा कहना चाहेंगी. दोनों के बीच यह मैच मुंबई के वानखेड़े में खेला जाएगा.
इस सीजन दूसरी बार मुंबई और लखनऊ भिड़ेंगे. इससे पहले जब लखनऊ में दोनों टीमें भिड़ी थीं तो केएल राहुल की टीम ने बाजी मारी थी. ऐसे में हार्दिक सेना आज लखनऊ में मिली हार का बदला लेना चाहेगी.
रोहित और बुमराह को मिल सकता है आराम
आज सीनियर ओपनर रोहित शर्मा और सीनियर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को रेस्ट दिया जा सकता है. जल्द ही टीम इंडिया का पहला ग्रुप टी20 वर्ल्ड कप के लिए रवाना होना है. ये दोनों खिलाड़ी उस ग्रुप का हिस्सा होंगे.
पिच रिपोर्ट
मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जाएंट्स की टीमें वानखेड़े स्टेडियम में आमने-सामने होगी. दरअसल, आंकडे़ं बताते हैं कि वानखेड़े स्टेडियम की पिच पर रन बनाना आसान रहा है. इसके अलावा छोटी बाउंड्री बल्लेबाजों का काम आसान कर देती है. इस पिच पर बड़े-बड़े स्कोर बनते रहे हैं, साथ ही बड़े स्कोर चेज भी होते रहे हैं. साथ ही वानखेड़े में ओस गेंदबाजों की परेशानी में इजाफा करती रही है. हालांकि, इस पिच पर तेज गेंदबाजों के लिए मदद रहती है. खासकर, शुरूआती ओवरों में तेज गेंदबाजों के पास विकेट चटकाने का मौका रहता है. वहीं, इस मैदान पर टीमें रनों का पीछा करना पसंद करती है.
लखनऊ की संभावित प्लेइंग इलेवन- केएल राहुल (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), मार्कस स्टोइनिस, दीपक हुड्डा, निकोलस पूरन, क्रुणाल पंड्या, आयुष बदोनी, अरशद खान, रवि बिश्नोई, नवीन-उल-हक और युद्धवीर सिंह
इम्पैक्ट प्लेयर: मोहसिन खान
मुंबई की संभावित प्लेइंग इलेवन- इशान किशन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, नेहल वढेरा, टिम डेविड, मोहम्मद नबी, गेराल्ड कोएत्ज़ी, पीयूष चावला इम्पैक्ट प्लेयर: आकाश मधवाल.
लखनऊ की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद लगभग खत्म
लखनऊ सुपरजायंट्स आज मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपने अंतिम मुकाबले में बड़े अंतर से जीत दर्ज करना चाहेगी. हालांकि लखनऊ की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद लगभग खत्म हो चुकी है. अगर LSG प्लेऑफ में पहुंचाना चाहती है, तो उसे चेन्नई सुपर किंग्स से बेहतर रन रेट चाहिए होगा, जो कि बेहद मुश्किल है। LSG फिलहाल अपने 13 मुकाबलों में से 6 मुकाबलों में जीत के साथ पॉइंट्स टेबल पर 7वें स्थान पर है और उसका रन रेट -0.787 है. वहीं CSK का नेट रन रेट +0.528 है. हालांकि एक समय पर लखनऊ प्लेऑफ में पहुंचने वाली प्रमुख दावेदारों की टीम में शामिल थी, लेकिन लगातार तीन हार के बाद लखनऊ का खेल बिगड़ गया.
मुंबई इंडियंस हो चुकी है बाहर
MI प्लेऑफ की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी है. MI ने इस सीजन रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पांड्या को टीम की कमान सौंपी थी, लेकिन इसके बाद भी मुंबई इंडियंस आईपीएल के इस सीजन में पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे है. मुंबई इंडियंस ने अब तक कुल 13 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से मात्र चार मुकाबले में ही मुंबई इंडियंस को जीत हासिल हुई है. MI का यह सीजन बेहद खराब रहा है. हालांकि आईपीएल 2023 में मुंबई इंडियंस ने अपने 14 मुकाबलों में से 8 मुकाबलों में जीत के साथ क्वालीफाई किया था.



