मुंगेली जिला से हरजीत भास्कर की रिपोर्ट
मुंगेली/चिल्फी। जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां चरित्र शंका के चलते एक पति ने अपनी ही पत्नी को जिंदा जलाने की कोशिश कर दी। गंभीर रूप से झुलसी महिला का उपचार जारी है, वहीं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, यह सनसनीखेज मामला थाना चिल्फी क्षेत्र के ग्राम सेनगुड़ा का है। आरोपी सतीश सोनवानी (35 वर्ष) ने दिनांक 16 मार्च 2026 की सुबह करीब 8 बजे अपनी पत्नी पर चरित्र को लेकर शक जताते हुए क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। उसने घर में रखे डीजल को पत्नी के ऊपर डालकर माचिस से आग लगा दी और उसे जलती हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राप्त मेमो के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच उपरांत 9 अप्रैल 2026 को थाना चिल्फी में अपराध क्रमांक 37/26 के तहत धारा 109 बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं एसडीओपी लोरमी हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में चिल्फी पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 10 अप्रैल 2026 को आरोपी को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर 11 अप्रैल 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रघुबीर लाल चंद्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम—प्रधान आरक्षक पारस टोंडे, सिद्धेश्वर बंजारे, आरक्षक प्रशांत कुर्रे, बृजेश प्रधान एवं महिला आरक्षक संगीता बर्मन—की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
👉 महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर सख्त रुख अपनाते हुए मुंगेली पुलिस की यह त्वरित कार्रवाई एक बार फिर कानून के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।



