Home कांकेर नंदनमारा में निर्माणाधीन उच्चस्तरीय पुल का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

नंदनमारा में निर्माणाधीन उच्चस्तरीय पुल का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

0

निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों के लिए सुरक्षात्मक उपाय करने के दिए निर्देश
उत्तर बस्तर कांकेर, 07 अप्रैल 2024/ कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने आज नंदनमारा में निर्माणाधीन उच्चस्तरीय पुल का पुनः निरीक्षण कर पूरी गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य करने तथा निर्धारित समय-सीमा में उसे पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों को दिए। इस दौरान मौके पर बिना हेलमेट के कार्य कर रहे श्रमिकों और कर्मचारियों को देख कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि किसी भी सूरत में सुरक्षात्मक उपायों की अनदेखी न करें। उन्होंने कार्य स्थल पर मौजूद सभी कर्मचारियों को तत्काल हेलमेट प्रदाय करने के लिए निर्देशित किया।
कलेक्टर श्री सिंह ने आज सुबह 10 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 पर माकड़ी के समीप पुल का स्थल निरीक्षण करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने इस दौरान पियर (कॉलम) पर गर्डर लांचिंग का कार्य देखा। स्लैब कास्टिंग में तेजी लाने के लिए कलेक्टर ने मानव संसाधन में वृद्धि करने और 30 अप्रैल तक इसे पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही पुल के दोनों तरफ तैयार की जा रही एप्रोच रोड का भी मौके पर मुआयना कर अप्रैल माहांत तक पूरा करने हेतु एसडीओ को निर्देशित किया। कलेक्टर ने 15 जून के पूर्व पुल निर्माण से संबंधित सभी कार्य हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के पहले पुल के ऊपर से वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित हो सके। इस दौरान एसडीओ एनएच ने बताया कि पुल हेतु 07 में से 05 स्पॉन पूर्ण हो चुके हैं और शेष 02 का काम जल्द से जल्द कर लिया जाएगा। इस पर कलेक्टर ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ साथ गुणवत्ता में भी किसी प्रकार का समझौता नहीं करने के सख्त निर्देश दिए।
इसके पश्चात कलेक्टर ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित माकड़ीखूना से नारा एवं अलबेलापारा से बागोडार मार्ग का निरीक्षण कर भारी वाहनों के चालन से बने गड्ढों को भरने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here