All officers should implement e-office quickly: Collector Kshirsagar
जिले के किसानों को खाद उपलब्ध कराने अधिकारियों को दिए निर्देश
उत्तर बस्तर कांकेर, 15 जुलाई 2025/ समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक लेकर कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आज विभिन्न विभागों में लंबित एवं अपूर्ण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने राज्य शासन के निर्देशानुसार सभी शासकीय कार्यालयों में ई-ऑफिस के माध्यम से कार्य करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बताया कि भविष्य में शासकीय कार्यों का संचालन एवं क्रियान्वयन अब ई-ऑफिस के माध्यम से ही किया जाना है। अतः सभी अधिकारी इसे गंभीरता से लेते हुए ई-ऑफिस के सॉफ्टवेयर में कार्य करना प्रारंभ करें।
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज सुबह 10.30 बजे से आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने जिले में खाद के भंडारण की जानकारी लेते हुए कहा कि किसानों की मांग के अनुरूप खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने डीएपी एवं यूरिया खाद के स्थान पर नैनो डीएपी व नैनो यूरिया की जानकारी किसानों को देने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर रासायनिक फार्मूलों के बारे में किसानों को बताने हेतु निर्देशित किया। कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को किसानों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनने तथा विभागीय समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों की सिलसिलेवार समीक्षा की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवनों को अगस्त में पूर्ण करने वाली पंचायतें होंगी पुरस्कृत
बैठक में कलेक्टर ने जिले के निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केन्द्र भवनों के संबंध में कहा कि ये काफी समय से लंबित हैं तथा इसमें वांछित प्रगति नहीं आ रही है। उन्हांने कहा कि जो पंचायत आगामी 15 अगस्त के पूर्व इन भवनों का निर्माण कार्य पूर्ण कर लेते हैं, उन्हें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। इसी तरह पीडीएस सेंटर भवनों के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
शासकीय परिसरों व भूखण्डों में हरियाली लाने चलाएं अभियान
बैठक में कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने यह भी कहा कि शासन का जल संरक्षण की दिशा में विशेष फोकस है और जलवायु व पर्यावरण को सुरक्षित करने में जिला प्रशासन को भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए वर्तमान में वर्षा ऋतु में सघन पौधरोपण किया जाए। उन्होंने कहा कि शासकीय भवनों, सड़क मार्गों के किनारे तथा खाली पड़े भूखण्डों में सघन पौधरोपण अभियान चलाएं तथा वन एवं उद्यानिकी विभाग से फलदार, फूलदार एवं छायादार पौधे प्राप्त कर पौधे लगाएं। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को इसके लिए अभियानपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही पखांजूर क्षेत्र में ग्रामीणों की मांग के अनुरूप 30 हजार नारियल के सघन पौधे लगाने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया।
इस दौरान कलेक्टर ने लंबित विद्युत देयकों का जल्द से जल्द भुगतान करने, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माण कार्य पूर्ण करने, सामाजिक अंकेक्षण के अंतर्गत राशि वसूलने, नियद नेल्लानार योजना के तहत लंबित कार्यों में गति लाने व छूटे हुए हितग्राहियों का राशन व आधार कार्ड बनवाने, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि अंतर्गत किसानों का पंजीयन पूर्ण करने सहित विभिन्न प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे, श्री ए.एस. पैकरा सहित सभी अनुविभाग के अधिकारी एवं जिला स्तर के अधिकारीगण मौजूद थे।




