*समाचार*
*पक्का मकान बनने से अमरीका यादव की चिंता हुई दूर*
उत्तर बस्तर कांकेर, 17 जनवरी 2025/ हर व्यक्ति का एक सपना होता है कि उसका स्वयं का एक मकान हो और उस मकान में परिवार के साथ सुकून से रहें, लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर हर व्यक्ति का यह सपना पूरा नहीं हो पाता। इसी सपने को पूरा करने का काम प्रधानमंत्री आवास योजना कर रही है।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) से लाभान्वित हितग्राही भण्डारीपारा वार्ड क्रमांक-10 कांकेर निवासी श्रीमती अमरीका यादव ने बताया कि वह मजदूरी का कार्य करती है, जिससे उसे 12 हजार रूपये प्रतिमाह पारिश्रमिक मिलता है। इस राशि से 09 सदस्यों का जीवन-यापन चलाना मुश्किल होता है और पैसे की बचत भी नहीं हो पाती। उन्होंने बताया कि उनके 7 बच्चे हैं इन सबकी जिम्मेदारी उनके पति और उन्हीं पर हैं। पूर्व में वे कच्चे मकान में रहते थे जो हर साल बरसात में मरम्मत कराने के बाद भी पानी टपकता था। उस कच्चे मकान में रहना बहुत ही मुश्किल हो गया था। तब नगरपालिका के प्रधानमंत्री आवास वाले सर्वेयर एवं कर्मचारियों द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लिए आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक, स्टाम्प पेपर में शपथ पत्र के साथ आवेदन प्रस्तुत किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना स्वीकृत होने के बाद घर निर्माण कार्य प्रारंम्भ किया गया, जिसके लिए शासन द्वारा निर्धारित राशि चार किश्तों में आती रही। श्रीमती यादव ने बताया- “आज मेरा पक्का मकान बनकर तैयार हो गया है। अब मेरा परिवार पक्का मकान में सुकून से रहता है और मुझे अपने घर के लिए कोई चिंता नहीं हैं।“ इसके लिए अमरीका यादव ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना हम जैसे गरीबों के पक्के मकान का सपना साकार हो रहा है।



