Innovative initiative of the administration to speed up housing construction in villages – “Awas Toli” will complete the construction work
उत्तर बस्तर कांकेर, 14 जून 2025।प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत कांकेर जिले में निर्माणाधीन या निर्माण कार्य बंद पड़े आवासों को शीघ्रता से पूर्ण कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री निलेश महादेव क्षीरसागर के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन ने एक नवाचारी पहल की है। अब प्रत्येक ग्राम पंचायत में स्थानीय युवाओं और महिला समूहों की भागीदारी से “आवास टोली” का गठन किया जाएगा, जो अधूरे या आरंभ न हुए आवासों का निर्माण कार्य पूरा करेगी।
जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी ने बताया की इस पहल के माध्यम से न केवल ग्रामीणों को आवास की सुविधा समय पर प्राप्त होगी, बल्कि गाँव के बेरोजगार युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार भी मिलेगा। “आवास टोली” में ऐसे स्थानीय युवा शामिल होंगे जो राजमिस्त्री, मजदूर या निर्माण कार्य से जुड़े अनुभव रखते हैं। साथ ही, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के महिला स्व-सहायता समूहों की भागीदारी भी सुनिश्चित की गई है, जिससे महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके।
मुख्य विशेषताएं:
• प्रत्येक टोली में एक प्रशिक्षित राजमिस्त्री होगा जो अन्य सदस्यों को काम के दौरान प्रशिक्षण देगा।
• NRLM समूहों के माध्यम से मिक्सर मशीन, सेंट्रिंग प्लेट जैसी निर्माण सामग्रियां निर्धारित दर पर किराये पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
• हितग्राहियों की सहमति से मनरेगा अंतर्गत मिलने वाली मजदूरी से “आवास टोली” को भुगतान किया जा सकेगा।
• महिला सदस्यों की भागीदारी को प्रोत्साहित कर आजीविका संवर्धन और महिला सशक्तिकरण को बल मिलेगा।
• निर्माण सामग्री की व्यवस्था में भी टोली सहयोग करेगी, लेकिन भुगतान हितग्राही द्वारा ही किया जाएगा।
उद्देश्य:
इस नवाचार का उद्देश्य प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माण कार्य में तेजी लाना, ग्रामीण युवाओं को प्रशिक्षण व रोजगार देना, महिला समूहों को सशक्त बनाना और सामूहिक प्रयासों से ग्राम संगठन शक्ति को मजबूत करना है।
यह पहल न केवल आवास निर्माण की गति को बढ़ाएगी, बल्कि ग्रामीणों में स्वावलंबन, सामूहिकता और भागीदारी की भावना को भी विकसित करेगी।





