Kanker reverberated with chants of “Jai Bhim” as a massive crowd gathered to celebrate Babasaheb’s birth anniversary. The Municipal Council President announced the construction of a dome and the installation of a borewell at the Ambedkar Bhawan, adding that the site of the statue would undergo beautification.
कांकेर | डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर स्मारक समिति के तत्वावधान में 14 अप्रैल को संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जन्मजयंती जिला मुख्यालय में हर्षोल्लास और गरिमामय ढंग से मनाई गई। सुबह से लेकर देर रात तक आयोजित विविध कार्यक्रमों में अनुयायियों का भारी जनसैलाब उमड़ा, जिससे पूरा शहर नीलमय नजर आया।
बाइक रैली से हुआ शंखनाद, गूंजी संविधान की प्रस्तावना
उत्सव की शुरुआत सुबह 9 बजे सुभाष वार्ड स्थित अंबेडकर भवन से हुई। यहाँ से गाजे-बाजे के साथ एक भव्य बाइक रैली निकाली गई। ‘जय भीम’ के नारों के साथ रैली शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुँची। यहाँ समाज के सैकड़ों लोगों ने बाबा साहेब की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। पंचशील ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित जनसमूह ने सामूहिक रूप से संविधान की प्रस्तावना का वाचन कर बाबा साहेब के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
मनमोहक झांकी और आतिशबाजी ने मोहा मन
शाम 5 बजे सुभाष वार्ड से बाबा साहेब की आकर्षक झांकी निकाली गई। डीजे की धुनों और भक्ति गीतों पर झूमते श्रद्धालुओं के साथ झांकी पुन: कलेक्ट्रेट परिसर पहुँची। यहाँ विशेष पूजा-अर्चना के बाद भव्य आतिशबाजी की गई, जिसने आसमान को सतरंगी रोशनी से सराबोर कर दिया।
मझापारा सभा में हुई बड़ी घोषणाएं
कार्यक्रम के समापन सत्र में मांझापारा स्थित एसबीआई बैंक के समीप एक भव्य सभा का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक ने बाबा साहेब के संघर्षों को याद करते हुए कहा कि उनका दिया संविधान ही समानता का आधार है। उन्होंने समाज की मांग पर अंबेडकर भवन में डोम निर्माण और कलेक्ट्रेट स्थित प्रतिमा के पास बोर खनन की महत्वपूर्ण घोषणा की।
विशिष्ट अतिथि पार्षद हितेंद्र खटवानी ने बाबा साहेब के विचारों पर प्रकाश डालते हुए अंबेडकर प्रतिमा गार्डन के सौंदर्यीकरण का एलान किया।
मंच पर इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
सभा में नपा उपाध्यक्ष उत्तम यादव, जिला पंचायत सदस्य सुलोचना मेश्राम, समिति अध्यक्ष कौशल किशोर ऊईके, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ प्रदेश सहसंयोजक दीपक खटवानी, जल संसाधन विभाग के अधिकारी धर्मेंद्र मेश्राम, पार्षद विकास कुमार अंभोरे सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन मिथलेश मेश्राम द्वारा किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन पार्षद विकास कुमार अंभोरे ने किया।




