Had failed in two subjects…student committed suicide after 12th results came out!
जांजगीर-चांपा। बारहवीं की एक छात्रा ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि गुरूवार को छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा के परिणाम जारी किये गये थे। छात्रा 12वीं बोर्ड में दो विषय पर फेल हो गई थी। जिसके बाद से वो परेशान थी।
जानकारी के मुताबिक, घटना जांजगीर के पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सेंदरी की है। 12 वीं के परिणाम आने के बाद से छात्रा परेशान थी। छात्रा ने खुद को कमरे में बंद कर लिया था। कमरे के बाहर नहीं आने पर परिजन जब जाकर देखे तो उनकी बेटी का शव पंखे में फंदे पर लटका हुआ था।
बेटी का शव देखकर घर में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों का इस घटना के बाद से रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
कल ही जारी हुआ है रिजल्ट
उल्लेखनीय है कि, कल ही छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने CG Board 10वीं और 12वीं कक्षा के नतीजे घोषित कर दिए हैं। कक्षा 10वीं में आत्मानंद विद्यालय जशपुर की छात्रा सिमरन शब्बा ने 99.50 के साथ टॉप किया है। जिसके बाद उनके घर में खुशी का माहौल है। उनके परिवार ने सिमरन सबा को खजूर खिला कर उनका मुंह मीठा कराया। जिसके बाद सिमरन ने हरिभूमि डॉट कॉम से बातचीत की है।
10 वीं में शुभ अग्रवाल ने किया 8 वां स्थान प्राप्त
कोरबा जिले के कटघोरा निवासी शुभ अग्रवाल ने 10 वीं के टॉप 10 में अपनी जगह बनाई है और 8 वें स्थान पर हैं। शुभ जय भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल के छात्र हैं। उनकी इस उपलब्धि के परिजनों मे खुशी का माहौल है। जिसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने उन्हें फ़ोन कर बधाई दी है। शुभ भविष्य डॉक्टर बनना चाहते हैं। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने अपने माता- पिता और अपने गुरुजनों को दिया है।
वेदांतिका शर्मा ने कक्षा 12 वीं की परीक्षा में किया 5 वां स्थान हासिल
छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा में बिलासपुर की बेटी ने बाजी मारी है। वेदांतिका शर्मा ने कक्षा 12 वीं की परीक्षा में टॉप किया है और प्रदेश में 5वां रैंक हासिल किया है। वे सेंट जोसेफ कांवेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल की छात्रा हैं और भविष्य में यूपीएससी की तैयारी करना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि, परिवार के सहयोग और मार्गदर्शन से मैं अपना सपना पूरा सकी हूं।



