बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए आज कलेक्टर संबित मिश्रा ने साक्षरता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार रथ जिले के चारों ब्लॉक मुख्यालयों सहित विभिन्न ग्रामों में पहुंचकर आगामी 7 दिसंबर को आयोजित होने वाली बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान मूल्यांकन महापरीक्षा के लिए लोगों को जागरूक करेगा।
कलेक्टर ने बताया कि महापरीक्षा 7 दिसंबर 2025, रविवार को सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित की जाएगी, जिसमें 15 वर्ष और उससे अधिक आयु वर्ग के असाक्षर भाग ले सकेंगे। उन्होंने अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिलेभर में सशक्त प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान सीईओ जिला पंचायत नम्रता चौबे ने मौजूद अधिकारी-कर्मचारियों को उल्लास शपथ दिलाई। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी लखनलाल धनेलिया, जिला मिशन समन्वयक कमल दास झाड़ी, एपीसी जाकिर खान, साक्षरता मिशन नोडल अधिकारी बसमैया अंगनपल्ली सहित अनेक अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



