Home Blog बीजापुर में तेंदूपत्ता भुगतान को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, नगद भुगतान मांग...

बीजापुर में तेंदूपत्ता भुगतान को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, नगद भुगतान मांग लेकर मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

0

बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – तेंदूपत्ता संग्रहकों को नगद भुगतान सुनिश्चित करने की मांग को लेकर जिला मुख्यालय बीजापुर में शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा विशाल धरना-प्रदर्शन और रैली आयोजित की गई। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। धरना को संबोधित करते हुए विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि भाजपा सरकार ने विधानसभा चुनाव के दौरान मोदी की गारंटी के तहत तेंदूपत्ता संग्राहकों से कई वादे किए थे, लेकिन सरकार बनने के 27 महीने बाद भी एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि संग्रहण केंद्रों पर नगद भुगतान, तेंदूपत्ता दर में वृद्धि, फड़मुंशियों के मानदेय और मजदूरी बढ़ाने जैसे मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है। विधायक मंडावी ने कहा कि जिले के दूरस्थ इलाकों में बैंकिंग सुविधाओं का अभाव है और कई आदिवासियों के पास बैंक खाते या आधार कार्ड नहीं हैं। ऐसे में ऑनलाइन या बैंक के माध्यम से भुगतान करने से संग्रहकों को परेशानी हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि रोजगार के अभाव में ग्रामीणों का पलायन बढ़ रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। कांग्रेस ने ज्ञापन में प्रमुख मांगें रखते हुए कहा कि तेंदूपत्ता संग्रहण केंद्रों पर नगद भुगतान सुनिश्चित किया जाए, वर्तमान दर 5500 रुपये प्रति मानक को बढ़ाकर 7000 रुपये किया जाए, नए फड़ खोले जाएं और संग्रहण कार्य लगातार 15 दिनों तक बिना बाधा के कराया जाए। इसके अलावा फड़मुंशियों का मानदेय 25 हजार रुपये वार्षिक करने, मजदूरी बढ़ाने और परिवहन किराए में वृद्धि की भी मांग की गई।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष लालू राठौर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और तेंदूपत्ता संग्राहक मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here