‘Complete all necessary preparations for paddy procurement before November 14’
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने आगामी 4-5 माह में निर्माण कार्य पूर्ण कराने के दिए निर्देश
उत्तर बस्तर कांकेर, 11 नवंबर 2024/ कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर की अध्यक्षता में आज साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई, जिसमें उन्हांने सभी लाइन डिपार्टमेंट के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जितने भी निर्माण कार्य अधूरे अथवा अपूर्ण हैं, उन्हें आगमा 4-5 माह में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें। कलेक्टर ने राज्य शासन की महत्वाकांक्षी नियद नेल्लानार योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए कहा कि क्लस्टर ग्राम पानीडोबीर सहित चयनित सभी गांवों में शासन की योजनाएं की पहुंच सुनिश्चित हो, इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी गंभीरता से ध्यान दें।
कलेक्टोरेट सभाकक्ष के आज सुबह 10.30 बजे से आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने जिले में मोबाइल टॉवर की स्थापना हेतु सर्वे स्तर तक का कार्य अग्रिम रूप से पूरा करने के निर्देश सभी अनुविभागीय अधिकारियों को दिए। साथ ही वन अधिकार अधिनियम के तहत वितरित पट्टों की ऑनलाइन एंट्री का कार्य भी जल्द करने के लिए सभी एसडीएम को निर्देशित किया। इसी तरह राज्य शासन के निर्देशानुसार आगामी 14 नवम्बर से धान खरीदी कार्य प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने आवश्यकतानुसार बारदाने की उपलब्धता, स्टेकिंग, तारपोलिन, भण्डारण एवं परिवहन सहित धान उपार्जन केन्द्रों में सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश खाद्य अधिकारी, विपणन अधिकारी, नान प्रबंधक तथा नोडल अधिकारी सहकारिता को दिए। बस्तर ओलम्पिक-2024 की जिले में प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने आगामी 21 से 23 नवम्बर तक आयोजित होने वाले जिला स्तरीय ओलम्पिक में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के लिए सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश खेल अधिकारी को दिए। इसके लिए एसडीएम कांकेर को आवश्यक समन्वय करते हुए प्रतिभागियों को बेहतर सुविधा मुहैया कराने के भी निर्देश कलेक्टर ने दिए। इसी तरह आगामी शुक्रवार 15 नवम्बर को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन के लिए सभी तैयारियां समय पूर्व सुनिश्चित करने के निर्देश सहायक आयुक्त आदिवासी विकास को दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने नियद नेल्लानार योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि यह राज्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली योजना है, जिसके क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को गंभीरता दिखाएं। उन्होंने कहा कि गत 08 नवम्बर को राज्य शासन के उच्चाधिकारियों की टीम ने जिले के प्रवास एवं समीक्षा बैठक के दौरान ग्रामीणों द्वारा स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले के अनुपस्थित रहने की शिकायत की गई। कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी स्वास्थ्य कर्मी निर्धारित शेड्यूल के अनुसार अपनी ड्यूटी पर अनिवार्यतः मौजूद रहें, यह सुनिश्चित करें।
इसके अलावा कलेक्टर ने अनुभागवार एवं विभागवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा में निराकृत करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, ओडीएफ प्लस मॉडल विलेज, लखपति दीदी, जल जीवन मिशन, पीएम श्री, पोषण पुनर्वास केन्द्र सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों कों आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर डीएफओ श्री हेमचंद पहारे, एडीएम श्री एस. अहिरवार, श्री बी.एस. उईके, जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी और जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।
राज्योत्सव में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी व विभाग हुए सम्मानित-
बैठक के दौरान कलेक्टर श्री निलेश क्षीरसागर ने छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 05 नवम्बर को नरहरदेव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल परिसर में आयोजित राज्योत्सव-2024 में बेहतर ढंग से दायित्व निर्वहन करने वाले अधिकारियों तथा विभागीय योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी लगाने वाले 21 विभागों के अधिकारियों को प्रतीक चिन्ह, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इनमें डीएफओ कांकेर श्री आलोक वाजपेयी, एडीएम श्री एस. अहिरवार, श्री बी.एस. उईके, जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे, एसडीएम कांकेर श्री अशोक मारबल सहित पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्कूल शिक्षा, कौशल विकास, वन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पशु पालन, नगरीय प्रशासन, पुलिस, कृषि, जल संसाधन, रेशम, स्वास्थ्य, जनसम्पर्क, आदिवासी विकास, समाज कल्याण, लोक सेवा केन्द्र, महिला एवं बाल विकास तथा नियद नेल्लानार योजना पर आधारित (लोक निर्माण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, सेतु निगम) प्रदर्शनी शामिल थी।





