Intensive vaccination campaign for control of foot and mouth disease in bovine and buffalo animals
समाचार
जिले के सभी ब्लॉक में 100 टीमों के जरिए 30 सितम्बर तक किया जाएगा शत-प्रतिशत टीकाकरण
उत्तर बस्तर कांकेर, 17 अगस्त 2024/ केन्द्र शासन की योजना पशुधन स्वास्थ्य एवं रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत गौवंशीय एवं भैसवंशीय पशुओं में खुरपका मुंहपका (एफ.एम.डी.) रोग नियंत्रण हेतु सघन टीकाकरण अभियान 15 अगस्त से 30 सितंबर तक चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत पशुधन विकास विभाग के समस्त विभागीय अमले द्वारा जिले के 07 विकासखंडों में 100 टीकाकरण दलों के द्वारा सभी मवेशियों में शत प्रतिशत टीकाकरण कार्य किया जाएगा।
उप संचालक पशु चिकित्सा सेवा ने बताया कि एफ.एम.डी. रोग दो खुर वाले पशुओं का अत्यंत संक्रामक एवं घातक विषाणुजनित रोग है। यह रोग बहुत ही तेजी से पशुओं में फैलता है। इस रोग के होने पर पशु को तेज बुखार हो जाता है। बीमार पशु के मुंह, मसूड़े, जीभ के ऊपर नीचे, होंठ के अंदर के भाग, खुरों की बीच की जगह पर छोटे-छोटे दाने उभर आते हैं, जो कि आपस में मिलकर छालों का रूप लेते हैं। मुंह में छाले होने से पशु के मुंह से लगातार लार गिरती रहती है एवं खुर में छालों के कारण पशु लंगड़ाकर चलता है। पशु खाना पीना छोड़ देता है और सुस्त पड़ जाता है। दुधारू पशुओं में दूध उत्पादन कम हो जाता है तथा बैलों की कार्यक्षमता कम हो जाती है। उन्होंने बताया कि चूंकि यह एक विषाणु जनित रोग है एवं रोग का रोकथाम ही नियंत्रण का कारगर उपाय है। इसलिये उक्त पशु रोग के नियंत्रण हेतु गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी शासन द्वारा सघन टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने समस्त पशुपालकों से अनुरोध करते हुए कहा कि वे अपने समस्त गौवंशीय भैसवंशीय पशुओं में टीकाकरण अवश्य कराएं और शत प्रतिशत टीकाकरण एवं रोग के उन्मुलन हेतु अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।



