Governor Ramen Deka reached Madwadih village, which is dependent on electricity for the adopted Gram Panchayat, and held talks with the villagers
बिजली ग्राम पंचायत का होगा सर्वांगीण विकास
रायपुर / राज्यपाल रमेन डेका अपने दो दिवसीय गरियाबंद जिला प्रवास कार्यक्रम के दूसरे दिन आज अपने गोद ग्राम पंचायत बिजली के आश्रित गांव मड़वाडीह पहुंचे। उन्होंने स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचकर एक पेड़ मां के नाम 2.0 अभियान के तहत आम का पौधा रोपण किया। साथ ही लोगों को जल संरक्षण एवं पर्यावरण के बचाव के लिए वृक्षारोपण करने की अपील की। उन्होंने कार्यक्रम में गांव के सरपंच, पंच एवं ग्रामीणों से आवश्यक चर्चा की। साथ ही बिजली ग्राम पंचायत को गोद लिए जाने के उद्देश्यों के बारे में जानकारी देते हुए गांव के विकास के लिए तैयार किए जाने वाले रोड मैप के बारे में बताया। ग्राम पंचायत में केन्द्र और राज्य के फ्लैगशिप प्रोग्राम का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। इसका एक रोडमैप बनाने के निर्देश दिए है। शुरुआत में तीन महीने का प्रोजेक्ट बनाकर इसकी प्रगति की समीक्षा करेंगे। गोद ग्राम पंचायत में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समन्वय से कार्य पूरे कराए जाएंगे। समाजिक दायित्वों के निर्वहन के तहत जनप्रतिनिधिगण भी इससे जुड़ेंगे। गांव के सर्वांगीण विकास के लिए सबसे महत्वपूर्ण कार्यों की प्राथमिकता तय कर उसे क्रियान्वित किया जाएगा। गांव में ओपन जिम लगाया जाएगा। गांव के विकास में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका आमजनों की होगी। राज्यपाल ने कहा कि आने वाले समय में यह गांव आदर्श गांव के रूप में विकसित होगा।
राज्यपाल श्री डेका ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कहा कि गांव की मूलभूत समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जाएगा। उन्होंने जलस्तर को बनाए रखने, जल स्त्रोत को संवर्धित करने की अपील की। राज्यपाल ने कहा कि पंचायत में 15वे वित्त आयोग की राशि का उपयोग गांव के विकास में उपयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान महत्वपूर्ण योजना है। इससे पेड़ और पानी की उपलब्धता सुनिश्चित होती है। साथ ही पर्यावरण संरक्षित होता है। उन्होंने सबसे पेड़ लगाने की अपील की। वर्षा जल का संरक्षण करें। उन्होंने सरपंच पंच एवं जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर अपने गांव को अच्छा एवं स्वच्छ गांव बनाने में सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया। पीएम आवास, शौचालय की सुविधा का अवलोकन कर लोगों को उपयोग के लिए जागरूक करें। बच्चों को स्कूल जाने प्रेरित करें। पोषण आहार के लिए महिलाओं, बच्चों को जागरूक करें। गांव के डबरी, नालों को पुनर्जीवित कर जल संरक्षण के लिए उपयोग करें। गांव के लोगों के विकास के लिए स्वयं जागरूक होकर काम करना होगा। गांव में कैंसर जांच शिविर भी लगाया जाएगा। महिलाओं में स्तन कैंसर की जांच के लिए विशेष पहल कर विशेषज्ञ डॉक्टरों की मौजूदगी में शिविर लगाया जाएगा और जिसमें भी बीमारी के लक्षण दिखेंगे उनका इलाज एम्स और मेडिकल कॉलेज जैसे उच्च अस्पतालों में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव के धार्मिक एवं प्राचीन धरोहर के संरक्षण एवं बेहतर रख रखाव से बाहर के लोग भी देखने आएंगे। एक साल में ग्राम पंचायत टीबी मुक्त हो जाए उसके लिए भी काम किया जाएगा। यहां रेडक्रॉस के माध्यम से ब्लड डोनेशन कैंप भी लगाए जाएंगे। महिलाओं के समूह बनाकर, सहकारी समिति बनाकर आजीविका मूलक गतिविधियों का संचालन किया जाएगा। उन्होंने स्वच्छता के लिए ग्रामीणों को जागरूक करने कहा। उन्होंने बिजली पंचायत को आगे बढ़ाने ग्रामवासियों से संकल्प लेने का आग्रह किया।
इस अवसर पर विधायक श्री रोहित साहू ने बिजली पंचायत को गोद ग्राम लेने पर राज्यपाल श्री डेका का आभार जताया। उन्होंने कहा इससे गांव का सर्वांगीण विकास होगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि राज्यपाल के मार्गदर्शन में गांव के विकास में कोई कमी नहीं होगी। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गौरीशंकर कश्यप, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी आर प्रसन्ना, कलेक्टर श्री बी एस उईके, एसपी श्री निखिल राखेचा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला अधिकारी सहित ग्रामीण जन मौजूद रहे।



