रायपुर पुलिस ने ड्रग्स तस्करों के एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस गैंग का सरगना पंजाब का रहने वाला है, जो पाकिस्तान से ड्रग्स मंगवाकर वीडियो और लोकेशन शेयरिंग के जरिए ग्राहकों तक पहुंचाता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1 करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त की है।
यह कार्रवाई रायपुर आईजी अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर की गई, जिसका उद्देश्य अंतर्राज्यीय सप्लायरों और स्थानीय नेटवर्क के गठजोड़ को खत्म करना था।
जांच के दौरान, पुलिस को ड्रग्स बेचने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे कुछ विदेशी फोन नंबरों और संदिग्ध बैंक खातों की जानकारी मिली। इसके बाद एक विशेष टीम बनाई गई, जिसने आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी की।
सूचना पुख्ता होने पर, 3 अगस्त को क्राइम ब्रांच और टिकरापारा थाना की एक विशेष टीम ने कमल विहार सेक्टर 4 स्थित एक मकान पर दबिश दी। वहां से पंजाब निवासी लवजीत सिंग उर्फ बंटी, सुवित श्रीवास्तव और अश्वन चंद्रवंशी को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 412.87 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
इन आरोपियों से पूछताछ के आधार पर, पुलिस ने स्थानीय नेटवर्क से जुड़े छह अन्य लोगों—लक्ष्य परिफल राघव उर्फ लव, अनिकेत मालाधरे, मनोज सेठ, मुकेश सिंह, जुनैद खान उर्फ सैफ चिला, और राजविंदर सिंह उर्फ राजू—को भी गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हेरोइन के अलावा विभिन्न मोबाइल फोन, एक क्रेटा कार (CG 04 QH 7491), तौल मशीन, और अन्य सामान भी जब्त किया। जब्त की गई हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 1 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में, लवजीत सिंग ने पाकिस्तान से ड्रग्स मंगवाने की बात कबूल की है और उसके द्वारा कई अंतरराष्ट्रीय वर्चुअल मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करने का भी पता चला है। रायपुर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश के लिए आगे की पूछताछ की जा रही है।
गिरफ्तार किए गए आरोपी:
- लवजीत सिंग उर्फ बंटी (39), पंजाब
- सुवित श्रीवास्तव (31), राजनांदगांव
- अश्वन चंद्रवंशी (33), राजनांदगांव
- लक्ष्य परिफल राघव उर्फ लव (24), रायपुर
- अनिकेत मालाधरे (24), गोंदिया, महाराष्ट्र
- मनोज सेठ (27), महासमुंद
- मुकेश सिंह (39), रायपुर
- जुनैद खान उर्फ सैफ चिला (27), रायपुर
- राजविंदर सिंह उर्फ राजू (30), कांकेर



