Prime Minister Narendra Modi’s birthday is tomorrow, BJP will celebrate it as Seva Pakhwada
कांकेर। भारत को विश्व पटल पर आर्थिक महाशक्ति बनाने वाले, भारत की शान विश्व में बढ़ाने वाले देश के यशस्वी प्रधानमंत्री माननीय नरेन्द्र मोदी जी का कल 17 सितंबर को जन्मदिन है जिसे भारतीय जनता पार्टी पूरे देश भर में सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाती है।
भाजपा जिलाध्यक्ष महेश जैन ने बताया कि इस सेवा पखवाड़ा अंतर्गत दिनांक 17 सितंबर से 2 अक्टूबर महात्मा गांधी व भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व लाल बहादुर शास्त्री की जयंती तक भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूरे देश में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किया जाता है । इसी तारतम्य में कल दिनांक 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सुबह जिले के सभी बूथों में चिन्हाकिंत स्थानों यथा मंदिर, धर्म स्थलों, सार्वजनिक जगहों पर स्वच्छता अभियान चलाया जायेगा। अस्पतालों व सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर फल वितरण किया जायेगा। जिला मुख्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजित किया जायेगा।
सुबह 11 बजे मध्यप्रदेश के धार से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का राष्ट्र के नाम संबोधन होगा जिसे सभी बूथों में सुना जायेगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष महेश जैन जी ने उक्त सभी कार्यक्रमों के जिला व मण्डल प्रभारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि उक्त सभी कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो इसकी तैयारी करें । संबंधित मण्डलों मे निवासरत भाजपा पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं, भाजपा के जनप्रतिनिधियों सहित आम जनता से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उक्त जानकारी सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के जिला संयोजक व भाजपा जिला महामंत्री बृजेश चौहान ने दी है।



