To expedite housing construction work, RSETI is providing mason training.
कलेक्टर एवं जिला सीईओ ने प्रशिक्षण कार्य का लिया जायजा
उतर बस्तर कांकेर 09 अक्टूबर 2025/कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर एवं जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मण्डावी द्वारा जिले के सुदूर वनांचल ब्लॉक अंतागढ़ का दौरा बुधवार 08 अक्टूबर को किया गया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत टेमरूपानी में आरसेटी कांकेर द्वारा संचालित किए जा रहे राजमिस्त्री प्रशिक्षण कार्य का जायजा लिया। उक्त प्रशिक्षण 35 प्रशिक्षणार्थियों द्वारा 30 दिवसीय ऑफ कैंपस प्रशिक्षण लिया जा रहा है। आरसेटी कांकेर से ट्रेनर द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण उपरांत इन सभी प्रशिक्षुओं को प्रधानमंत्री आवास एवं पंचायत के अन्य निर्माण कार्यों में लगाकर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा। उल्लेखनीय है कि क्षेत्र में राज मिस्त्रियों की कमी को देखते हुए आरसेटी कांकेर एवं ग्राम पंचायत के सहयोग से उक्त प्रशिक्षण को सफल बनाया जा रहा है। इसके पश्चात आरसेटी कांकेर द्वारा ऑन कैंपस प्रशिक्षण जिला मुख्यालय कांकेर में भी दिया जाएगा। प्रशिक्षण के उपरांत प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवास के कार्य में गति आएगी। इस अवसर पर अपर कलेक्टर अंतागढ़ श्री एएस पैकरा, जनपद पंचायत की सीईओ सुश्री साहू सहित प्रशिक्षुगण उपस्थित थे।



