A girl from Manendragarh Chirmiri Bharatpur district was murdered in Raipur, her lover turned out to be the murderer.
*रायपुर के निजी हॉस्पिटल में नर्स का करती थीं काम ,
पुलिस ने कुछ ही घंटों में किया गिरफ्तार
एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट व टिकरापारा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
रायपुर/थाना टिकरापारा क्षेत्र के लालपुर स्थित पटेल चौक के पास किराए के मकान में रह रही 23 वर्षीय नर्स प्रियंका दास की हत्या के मामले का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी के रूप में मृतका के प्रेमी दुर्गेश वर्मा (21 वर्ष), निवासी बड़ा अशोक नगर, गुढ़ियारी को गिरफ्तार किया है।
मूलतः हल्दीबाड़ी (चिरमिरी), जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर की रहने वाली प्रियंका दास रायपुर के एक निजी अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत थी। 09 अक्टूबर की रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके किराए के घर में घुसकर चाकू से हमला किया और घटना को आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से उसके हाथ में चाकू पकड़ा दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी और मैदानी जांच शुरू की। आसपास के लोगों से पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की गई और उसे कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया।
मोबाइल स्कैन कर पढ़ी सारी चैटिंग, वहीं से उपजा संदेह
पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह पिछले एक वर्ष से प्रियंका के साथ प्रेम संबंध में था। उसने एक मोबाइल ऐप के माध्यम से प्रियंका के फोन को स्कैन कर उसकी पूरी चैटिंग देख ली थी। चैटिंग में उसे पता चला कि प्रियंका किसी अन्य युवक से भी बातचीत करती है। इसी बात से वह गुस्से में आ गया और हत्या की योजना बना डाली।
पूर्व योजना के तहत आरोपी ने सब्जी काटने वाला चाकू खरीदा और 08-09 अक्टूबर की दरम्यानी रात प्रियंका के घर पहुंचा। दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 799/25 धारा 103(1) बी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



