*टीम की दबिश, परखी गई 128 नमूनों की गुणवत्ता*
उत्तर बस्तर कांकेर, 16 अक्टूबर 2025/ लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के मार्गदर्शन में दीपावली त्यौहारी सीजन के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम के द्वारा विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। टीम के द्वारा विगत तीन दिनों में त्योहारों में अत्यधिक उपयोग होने वाली खाद्य सामग्रियों का परीक्षण कर जांच हेतु नमूने लिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री भारतभूषण पटेल ने बताया कि जिले के भानुप्रतापपुर, चारामा एवं पखांजूर क्षेत्र में मिठाई, नमकीन, मावा, मैदा, तेल, घी जैसे खाद्य पदार्थों का सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान कुल 18 नमूने जांच हेतु एकत्र कर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए। जैसे ही जांच रिपोर्ट प्राप्त होगी, नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त चलित खाद्य प्रयोगशाला (मोबाइल फूड टेस्टिंग वैन) की सहायता से स्थानीय होटलों, रेस्टोरेंट्स, डेयरियों, स्ट्रीट फूड विक्रेताओं तथा किराना दुकानों से कुल 128 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए और मौके पर ही उनकी प्रारंभिक जांच की गई। खासतौर पर अखबार में खाद्य सामग्री लपेटने वालों को सावधान किया गया और उनके उत्पादों में प्रयुक्त रंगों की भी विशेष जांच मौके पर की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि त्योहार के दौरान खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता और पैकिंग की विशेष जांच करें और किसी भी संदिग्ध खाद्य सामग्री की सूचना तत्काल विभाग को दें।
क्रमांक- 1080/सिन्हा



