Special intensive review work: 94 percent verification completed in the district.
जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ 18 दिसम्बर तक करेंगे सत्यापन
उत्तर बस्तर कांकेर / भारत निर्वाचन आयोग तथा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार प्रदेश में मतदाता सूची के सत्यापन हेतु 04 नवम्बर 2025 से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य जारी है। इसी क्रम में जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रांतर्गत मतदान केन्द्रों के लिए नियुक्त बीएलओ के द्वारा मतदाताओं के घरों में जाकर सत्यापन का कार्य तेजी से किया जा रहा है, जो कि अब अंतिम चरण में है। यह कार्य गुरूवार 18 दिसम्बर तक चलेगा।
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जितेन्द्र कुमार कुर्रे ने इस संबंध में बताया कि कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के मार्गदर्शन में जिले के अंतागढ विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-79, भानुप्रतापपुर-80 और कांकेर-81 में बीएलओ द्वारा निर्वाचक गणना प्रपत्रों का वितरण कर मतदाताओं का डिजिटाइजेशन व सत्यापन का कार्य अंतिम चरण में है। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 05 लाख 69 हजार 601 मतदाता पंजीकृत है, इनमें से अब तक 05 लाख 35 हजार 250 यानी लगभग 94 प्रतिशत के मतदाताओं के घर-घर जाकर निर्वाचक गणना प्रपत्रों का वितरण एवं सत्यापन कार्य किया जा चुका है। इनमें अंतागढ़ विधानसभा अंतर्गत 01 लाख 66 हजार 835 मतदाता (92.52 प्रतिशत), भानुप्रतापपुर में 01 लाख 94 हजार 397 (94.86 प्रतिशत) और कांकेर विधानसभा क्षेत्र में 01 लाख 74 हजार 018 मतदाताओं का डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण हो चुका है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी बीएलओ को 18 दिसम्बर तक सत्यापन का कार्य शतप्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।



