Home Blog एमसीबी जिला प्रेस क्लब चुनाव संपन्न, रंजीत सिंह पुनः अध्यक्ष निर्वाचित

एमसीबी जिला प्रेस क्लब चुनाव संपन्न, रंजीत सिंह पुनः अध्यक्ष निर्वाचित

0

MCB District Press Club elections concluded, Ranjit Singh re-elected as president.

एमसीबी से भगवान दास की रिपोर्ट

Ro.No - 13759/40

मनेंद्रगढ़।पूर्व निर्धारित कार्यक्रमानुसार रविवार 18 जनवरी को पत्रकार भवन चैनपुर में एमसीबी जिला प्रेस क्लब के द्वितीय कार्यकाल हेतु पदाधिकारियों का निर्वाचन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। निर्वाचन प्रक्रिया चुनाव अधिकारी श्रीकांत शुक्ल, रमन सिंह एवं सतीश गुप्ता के निर्देशन एवं नेतृत्व में आयोजित की गई।
निर्वाचन प्रक्रिया के अंतर्गत नाम निर्देशन पत्रों की वापसी के पश्चात अध्यक्ष एवं कोषाध्यक्ष पद पर एकल नामांकन होने तथा किसी प्रकार की आपत्ति नहीं आने पर अध्यक्ष पद के लिए रंजीत सिंह एवं कोषाध्यक्ष पद के लिए अरुण श्रीवास्तव को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
इसके पश्चात शेष पदों—उपाध्यक्ष, सचिव एवं संयुक्त सचिव—के लिए मतदान प्रक्रिया प्रारंभ की गई। एमसीबी प्रेस क्लब के कुल 63 सदस्यों में से चुनाव अधिकारियों को छोड़कर 59 सदस्यों ने निर्वाचन प्रक्रिया में भाग लिया। चुनाव अधिकारियों की सहमति से अस्वस्थता एवं बाहर होने के कारण 3 सदस्यों को डाक मत की सुविधा प्रदान की गई, जबकि 56 सदस्यों ने प्रत्यक्ष मतदान किया। केवल 1 सदस्य अनुपस्थित रहा। इस प्रकार लगभग शत-प्रतिशत मतदान के साथ निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न हुई।
मतदान पश्चात चुनाव अधिकारी श्रीकांत शुक्ल, रमन सिंह एवं सतीश गुप्ता तथा विधिक सलाहकार अधिवक्ता मनोज त्रिपाठी एवं सूरजभान सिंह की उपस्थिति में मतगणना की गई।
सर्वप्रथम सचिव पद की मतगणना में सुनील शर्मा को 26 मत एवं गुरदीप अरोरा को 33 मत प्राप्त हुए, जिससे गुरदीप अरोरा सचिव पद पर निर्वाचित घोषित किए गए।
उपाध्यक्ष पद के लिए कुल पांच प्रत्याशी मैदान में रहे, जिनमें एबी सिद्दीकी को 4, अविनाश चंद को 8, महेश साहू को 6, सुजीत शाह को 11 तथा धीरेंद्र विश्वकर्मा को सर्वाधिक 30 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार धीरेंद्र विश्वकर्मा उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित घोषित किए गए।
वहीं संयुक्त सचिव पद के लिए चार प्रत्याशियों में नियाज अली को 3, राहुल वल्लभ द्विवेदी को 11, नसरीन अशरफी को 15 एवं सुरेश मिनोचा को 30 मत प्राप्त हुए। परिणामस्वरूप सुरेश मिनोचा संयुक्त सचिव पद पर निर्वाचित घोषित किए गए।
इसके अतिरिक्त प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य के पांच पदों पर एकल नामांकन होने के कारण रामप्रसाद गुप्ता, राजीव वर्मा, प्रवीण निशी, राजेश सिन्हा एवं श्रीराम बरनवाल को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों की विधिवत घोषणा चुनाव अधिकारियों एवं विधिक सलाहकारों द्वारा की गई तथा उन्हें निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। चुनाव अधिकारियों ने सभी पदाधिकारियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए क्लब के सतत विकास हेतु एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष रंजीत सिंह ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल की प्राथमिकताओं में शासन-प्रशासन के सहयोग से पत्रकार कॉलोनी का निर्माण प्रमुख रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here