विद्यार्थियों को सड़क संकेतों की भाषा, यातायात नियम, हेलमेट-सीट बेल्ट के महत्व एवं सुरक्षित यातायात की दी जानकारी।
महिला रक्षा टीम ने गुड टच-बैड टच, बाल अपराध, महिला सुरक्षा एवं अभिव्यक्ति ऐप के बारे में किया जागरूक।
साइबर टीम ने डिजिटल अरेस्ट, बैंकिंग फ्रॉड एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए।
राहवीर योजना एवं डायल-112 की त्वरित सहायता सेवाओं की भी दी विस्तृत जानकारी।

श्री निखिल राखेचा, पुलिस अधीक्षक कांकेर के निर्देशन, श्री आकाश श्रीश्रीमाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर एवं श्री योगेश साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांकेर के मार्गदर्शन तथा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह,उप पुलिस अधीक्षक व सुश्री प्रतिभा लहरे उप पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में 15 जुलाई 2026 को यातायात पुलिस, महिला रक्षा टीम एवं साइबर टीम द्वारा आत्मानंद स्कूल पटौद, हायर सेकेंडरी स्कूल पटौद एवं हायर सेकेंडरी स्कूल ठेमा में संयुक्त जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए यातायात नियमों का पालन, सड़क पर सुरक्षित चलने के तरीके, विभिन्न यातायात संकेतों एवं सिग्नल लाइटों का महत्व, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, ओवरस्पीड से बचने तथा शराब सेवन कर वाहन न चलाने के संबंध में प्रोजेक्टर के माध्यम से वीडियो दिखाकर जागरूक किया गया।
यातायात पुलिस द्वारा राहवीर योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को शासन द्वारा 25,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। साथ ही डायल-112 की त्वरित सहायता सेवाओं एवं आपातकालीन परिस्थितियों में उसकी उपयोगिता से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया गया
महिला रक्षा टीम ने छात्र-छात्राओं को गुड टच-बैड टच, बाल अपराध, महिला सुरक्षा, अभिव्यक्ति ऐप एवं विभिन्न सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। वहीं साइबर टीम ने साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट, बैंकिंग फ्रॉड एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा कर विद्यार्थियों को सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य, शिक्षकगण एवं लगभग 500 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कांकेर पुलिस ने विद्यार्थियों से यातायात नियमों का पालन करने, साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।



