◼️नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को बैज एवं दायित्व सौंपकर दिलाई गई नेतृत्व एवं सेवा भावना की शपथ।
◼️बच्चों को ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग एवं हेल्पलाइन के संबंध में दी गई महत्वपूर्ण जानकारी।
पुलिस अधीक्षक श्री निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन में ,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आशीष कुमार बंछोर के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी श्री शुभम तिवारी के पर्यवेक्षण में बच्चों की सुरक्षा, जागरूकता एवं व्यक्तित्व विकास को प्राथमिकता देते हुए थाना अंतागढ़ पुलिस द्वारा सेंट मैरी स्कूल, अंतागढ़ में आयोजित इन्वेस्टिचर सेरेमनी में सहभागिता की गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को बैज पहनाकर उनके दायित्व सौंपे गए तथा उन्हें ईमानदारी, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं सेवा भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें समाज एवं विद्यालय के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
कांकेर पुलिस द्वारा आयोजित विशेष जागरूकता सत्र में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे, सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग, मोबाइल फोन के संतुलित इस्तेमाल तथा ऑनलाइन ठगी से बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को समझाया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति से ऑनलाइन संपर्क न रखें, अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस को दें।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को गुड टच एवं बैड टच के बारे में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति अनुचित व्यवहार करता है या किसी प्रकार की असहज स्थिति उत्पन्न होती है तो बिना भय के तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षकों अथवा पुलिस को इसकी जानकारी दें। साथ ही इंटरनेट का उपयोग केवल अध्ययन एवं सकारात्मक कार्यों के लिए करने तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस टीम :
– एसआई हेमलता परिहार
– पीएसआई लता सिंह
– प्रधान आरक्षक ममता कृपाल
– प्रधान आरक्षक लक्ष्मी सिन्हा
कांकेर पुलिस द्वारा भविष्य में भी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों एवं युवाओं को सुरक्षित, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।



