सरसीवा – सरस्वती शिशु मंदिर सोहागपुर में 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा उत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु पूजन एवं महर्षि वेदव्यास के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को बताया गया कि गुरु पूर्णिमा महर्षि वेदव्यास के जन्मोत्सव के रूप में मनाई जाती है। उन्होंने वेदों के संकलन एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण में अतुलनीय योगदान दिया, इसलिए उन्हें आदिगुरु के रूप में सम्मानित किया जाता है।
विद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को गुरु के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि माता-पिता जीवन के प्रथम गुरु होते हैं, जबकि विद्यालय में शिक्षक ज्ञान, संस्कार और चरित्र निर्माण का मार्ग प्रशस्त करते हैं। गुरु के आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन से ही विद्यार्थी जीवन में सफलता प्राप्त कर समाज और राष्ट्र की सेवा करने योग्य बनते हैं। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों ने गुरु के प्रति श्रद्धा, सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए गुरु महिमा को जाना।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार के प्रधानाचार्य प्रहलाद साहू, हेमलता साहू, शशि प्रभा तिवारी, प्रीति पटेल, तुलसी साहू, प्रिया टंडन, सीमा भारद्वाज एवं जयमनी पटेल सहित समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।



