स्मार्ट मीटर हटाने तथा 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना की मांग
बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर ने प्रेस वार्ता कर बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर लगाए जाने का विरोध किया। विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि कांग्रेस बिजली दर वृद्धि वापस लेने, स्मार्ट मीटर हटाने तथा 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना फिर से लागू करने की मांग को लेकर आंदोलन करेगी।
उन्होंने बताया कि 2 अगस्त से कार्यकर्ता घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर हटाने और बिजली दर वृद्धि के विरोध में आवेदन भरवाएंगे। दो महीने तक अभियान चलने के बाद बिजली कार्यालयों का घेराव कर आवेदन सौंपे जाएंगे, फिर मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा।
विधायक ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने लगातार पांचवीं बार बिजली दरें बढ़ाई हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। उन्होंने कहा कि बिजली बिल बढ़ने के पीछे बिजली दरों में वृद्धि, 400 यूनिट तक बिल हाफ योजना का बंद होना और स्मार्ट मीटर की कथित गलत रीडिंग प्रमुख कारण हैं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष लालू राठौर ने कहा कि केंद्रीय ऊर्जा मंत्री ने संसद में स्मार्ट प्रीपेड मीटर को वैकल्पिक व्यवस्था बताया था, फिर छत्तीसगढ़ में इन्हें जबरन क्यों लगाया जा रहा है। उन्होंने बिजली दरें कम करने, 400 यूनिट तक बिल हाफ योजना पुनः लागू करने और स्मार्ट मीटर वापस लेने की मांग की।
प्रेस वार्ता में शंकर कुड़ियम, नीना रावतिया उद्दे, सुखदेव नाग, ज्योति कुमार, प्रवीण डोंगरे, मनोज अवलम, जितेंद्र हेमला, संतोष गुप्ता, इदरीस खान, राजकुमार गुप्ता, गुड्डू कोरसा, बलराम कोरसा, नामपल्ली ब्रह्मचारी, लक्ष्मण कोरसा सहित कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



