कांकेर| राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोयलीबेड़ा में दिनांक 31 जुलाई 2026 को एक दिवसीय मानसिक स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया।
यह शिविर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला कांकेर डॉ. आर. सी. ठाकुर एवं अस्पताल अधीक्षक, शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल कांकेर डॉ. विमल चंद्र भगत के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।
शिविर में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीजों की जांच, परामर्श एवं आवश्यक उपचार प्रदान किया गया। साथ ही उपस्थित लोगों को तनाव, अवसाद, चिंता, नशा मुक्ति, नींद संबंधी समस्याओं तथा अन्य मानसिक रोगों के लक्षण, बचाव एवं समय पर उपचार के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा आवश्यकता होने पर बिना किसी संकोच के विशेषज्ञ से परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर में डॉ. किशोर कुमार ध्रुव (नोडल मनोरोग विशेषज्ञ), आशीष जैन (मनोरोग नर्स), उमाशंकर सोनकर (क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट) एवं योगेश ध्रुव की उपस्थिति में मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर के दौरान मरीजों का मूल्यांकन कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया।
राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना तथा समाज में मानसिक रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार के शिविरों का नियमित आयोजन किया जा रहा है।



