सरसीवा – सरस्वती ग्राम शिक्षा समिति, छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में तथा विद्या भारती के मार्गदर्शन में 1 एवं 2 अगस्त को दो दिवसीय प्रधानाचार्य कार्य योजना बैठक का शुभारंभ किया गया।
उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में जिला समिति सचिव कौशल किशोर बेहार, जिला समिति के सह सचिव अरविंद प्रधान, जिला समिति सदस्य भूपेंद्र कुमार साहू तथा जिला समन्वयक रेशम पटेल उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
बैठक में जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के 24 विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने सहभागिता की। इस अवसर पर शैक्षणिक सत्र 2026–27 की वार्षिक कार्ययोजना, विद्यालयों की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों, खेलकूद, संस्कार आधारित कार्यक्रमों तथा शिक्षा की गुणवत्ता को और अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
मुख्य अतिथि कौशल किशोर बेहार ने अपने उद्बोधन में गुणवत्ता युक्त एवं संस्कारपूर्ण शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी प्रधानाचार्यों का मार्गदर्शन किया। वहीं अरविंद प्रधान ने विद्यालय संचालन समितियों के नवीनीकरण, समिति संबंधी नियमावली एवं आवश्यक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
बैठक में आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए निर्धारित सभी कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की गई तथा उन्हें विद्यालय स्तर पर प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने का संकल्प लिया गया। बैठक का उद्देश्य सभी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित कार्यप्रणाली तथा संस्कारमूलक वातावरण को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा।



