धोबनी ( सरसीवा ) – गणपति चतुर्थी के पावन अवसर पर धोबनी क्षेत्र सहित आसपास के अनेक गांवों में श्रद्धालुओं ने हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं की स्थापना की। गणपति बप्पा के जयकारों और ढोल-नगाड़ों के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान गणेश को विराजमान किया गया।
धोबनी के विभिन्न मोहल्लों में भी गणेश जी की प्रतिमाओं की स्थापना को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान गणेश से सुख, समृद्धि और शांति की कामना की। शाम के समय कई स्थानों पर कीर्तन एवं भजन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान गणेश की आरती की और आशीर्वाद प्राप्त किया।
स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष गणेश चतुर्थी को लेकर लोगों में अधिक उत्साह देखने को मिल । गांव के अलग-अलग मोहल्लों में आकर्षक गणेश प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
आजाद चौक में महिलाओं ने मनाया हरतालिका तीज
गणेश चतुर्थी के अवसर पर धोबनी के आजाद चौक में सुहागिन महिलाओं द्वारा हरतालिका तीज का आयोजन भी किया गया। इस दौरान महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर हरतालिका तीज की कथा का श्रवण किया। महिलाओं ने पूरे श्रद्धा और भाव के साथ कथा सुनी तथा अपने परिवार की सुख-समृद्धि एवं पति की दीर्घायु की कामना की।
गणेश चतुर्थी और हरतालिका तीज के आयोजन से धोबनी क्षेत्र में दिनभर उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा। जगह-जगह गणपति बप्पा के जयकारे गूंजते रहे।


