
प्रमोद अवस्थी मस्तूरी
मस्तूरी। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अशोक राजवाल ने नई जिम्मेदारी मिलने के बाद दिल्ली स्थित कांग्रेस कार्यालय में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र पाल गौतम एवं प्रदेश प्रभारी सुनील कुमार से सौजन्य भेंट की। इस दौरान राजवाल ने संगठन द्वारा उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने पर राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
मुलाकात के दौरान मस्तूरी के अशोक राजवाल ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जिस विश्वास के साथ उन्हें अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व सौंपा है, उसे वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के साथ-साथ समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों की आवाज को बुलंद करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
राजवाल ने सामाजिक न्याय, समानता और सम्मान की लड़ाई को और मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति एवं बहुजन समाज के हक और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक कांग्रेस की विचारधारा और संगठन की नीतियों को पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने जननायक राहुल गांधी के नेतृत्व में जारी सामाजिक न्याय की लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही। राजवाल ने विश्वास दिलाया कि वे प्रदेशभर में संगठन के कार्यकर्ताओं को साथ लेकर काम करेंगे और अनुसूचित जाति विभाग को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने की दिशा में लगातार प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर संगठनात्मक गतिविधियों, सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों और आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर भी चर्चा हुई। अशोक राजवाल की राष्ट्रीय नेतृत्व से हुई इस मुलाकात को उनके नए दायित्व की शुरुआत के रूप में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



