घोर नक्सल प्रभावित सुदूर माड़ क्षेत्र के युवाओं को पुलिस एवं पैरामिलिट्री भर्ती की तैयारी का अवसर।
कांकेर पुलिस एवं BSF 40वीं वाहिनी के प्रशिक्षित प्रशिक्षकों द्वारा युवाओं को विभिन्न शारीरिक दक्षता इवेंट्स का कराया जाएगा अभ्यास।
कांकेर पुलिस द्वारा पुलिस एवं पैरामिलिट्री सेवाओं में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए संचालित “मिशन रक्षक” प्रशिक्षण कार्यक्रम का दिनांक 17.09.2026 को कोयलीबेड़ा हाई स्कूल ग्राउंड में शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्र के युवाओं को निःशुल्क शारीरिक प्रशिक्षण, मार्गदर्शन एवं भर्ती परीक्षा की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक कांकेर श्री निखिल अशोक कुमार राखेचा (भापुसे) एवं BSF 40वीं वाहिनी कोयलीबेड़ा के कमांडेंट श्री रणधीर सिंह गिल रहे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़ श्री आशीष बंछोर के मार्गदर्शन एवं SDOP अंतागढ़ श्री संतोष कुमार जैन के पर्यवेक्षण में, थाना प्रभारी कोयलीबेड़ा श्री निर्मल जांगड़े के नेतृत्व में कार्यक्रम का आयोजन BSF 40वीं वाहिनी कोयलीबेड़ा के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, शिक्षक, पत्रकार एवं ग्राम के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
“मिशन रक्षक” के अंतर्गत कांकेर पुलिस के प्रशिक्षित महिला एवं पुरुष पुलिस बल तथा BSF के प्रशिक्षित प्रशिक्षकों द्वारा अभ्यर्थियों को दौड़, सहनशक्ति, नियमित शारीरिक अभ्यास एवं पुलिस/पैरामिलिट्री भर्ती में उपयोगी विभिन्न फिजिकल इवेंट्स की तैयारी कराई जाएगी। साथ ही प्रत्येक इवेंट की तकनीक एवं आवश्यक बारीकियों से अभ्यर्थियों को अवगत कराया जाएगा।
कार्यक्रम के लिए कुल 358 अभ्यर्थियों के आवेदन प्राप्त हुए हैं। उद्घाटन अवसर पर 155 पुरुष एवं 102 महिला, कुल 257 अभ्यर्थियों ने प्रशिक्षण में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों द्वारा युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा गया कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। अनुशासन, नियमित अभ्यास, मेहनत एवं लक्ष्य के प्रति दृढ़ इच्छाशक्ति ही सफलता की मजबूत नींव है।
“मिशन रक्षक” के तहत भानुप्रतापपुर, आमाबेड़ा एवं अंतागढ़ में प्रशिक्षण कार्यक्रम पूर्व में प्रारंभ किया जा चुका है, जहां युवाओं को नियमित रूप से शारीरिक प्रशिक्षण एवं भर्ती परीक्षा की तैयारी कराई जा रही है। अधिक से अधिक युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी सप्ताह में कांकेर एवं पखांजूर में भी “मिशन रक्षक” प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया जाएगा।
कांकेर पुलिस का उद्देश्य है कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभावान युवाओं को उचित मार्गदर्शन, निःशुल्क प्रशिक्षण एवं बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ पुलिस एवं पैरामिलिट्री सेवाओं में अपना भविष्य बना सकें।
कांकेर पुलिस का “मिशन रक्षक” — युवाओं को अवसर, तैयारी को दिशा और लक्ष्य तक पहुंचने का संकल्प।




