Home Blog गणेश उत्सव एवं अनंत चतुर्दशी पर्व को लेकर कलेक्टोरेट सभा कक्ष में...

गणेश उत्सव एवं अनंत चतुर्दशी पर्व को लेकर कलेक्टोरेट सभा कक्ष में जिला प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त बैठक आयोजित।

0

26 सितंबर को कांकेर शहर की बड़ी गणेश प्रतिमाओं का होगा विसर्जन।
गणेश उत्सव समितियों को पुलिस एवं प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्था में सहयोग करने के निर्देश।

गणेश उत्सव एवं अनंत चतुर्दशी पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 22 सितंबर 2026 को कलेक्टोरेट स्थित सभा कक्ष में जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।

Ro.No - 13954/39

बैठक में एडीएम श्री जितेंद्र कुमार कुर्रे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू, एसडीओपी कांकेर श्री हरीश कुमार पाटिल, तहसीलदार कांकेर श्री पौरस वेनताल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री पवन कुमार मेरिया, रक्षित निरीक्षक श्री दीपक साव, थाना प्रभारी कांकेर श्री जितेंद्र कुमार साहू, सहायक चिकित्सा अधिकारी श्री मृदुल गुहा, सेनानी नगर सेना श्री संजय मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, गणेश उत्सव समिति के सदस्य एवं अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, जुलूस एवं गणेश प्रतिमा विसर्जन, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी तथा आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में प्रमुख बिंदुओं पर दिए गए निर्देश

1) गणेश पंडालों, जुलूस मार्ग एवं विसर्जन स्थलों का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश।

2) संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती एवं सतत निगरानी रखने के निर्देश।

3) गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने हेतु आवश्यक डायवर्जन, पार्किंग एवं यातायात नियंत्रण की कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा।

4) आयोजन समितियों को पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती कर पुलिस एवं प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश।

5) डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालन सुनिश्चित करने तथा आपत्तिजनक गीत, नारे अथवा सामग्री के प्रसारण से बचने की हिदायत।

6) सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा सांप्रदायिक संदेशों की निगरानी रखने तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली सामग्री पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश।

7) महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के साथ चोरी, छेड़छाड़, मारपीट एवं अन्य घटनाओं की रोकथाम के लिए भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता रखने के निर्देश।

8) विसर्जन स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पुलिस बल, चिकित्सा सुविधा एवं आवश्यक आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर।

9) नदी, तालाब एवं अन्य जल स्रोतों में विसर्जन के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश।

10) थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पेट्रोलिंग एवं बीट भ्रमण बढ़ाने तथा प्रमुख स्थानों पर पुलिस की प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश।

📢 कांकेर पुलिस की आमजन से अपील:–

कांकेर पुलिस एवं जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से गणेश उत्सव एवं अनंत चतुर्दशी पर्व को शांति, सद्भाव एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है।

आयोजन समितियां निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन करें तथा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए जुलूस एवं विसर्जन कार्यक्रम को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने में सहयोग करें।

आमजन अफवाहों एवं भ्रामक सोशल मीडिया संदेशों पर विश्वास न करें और न ही उन्हें आगे प्रसारित करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस हेल्पलाइन नं 9479155125 पर दें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here