Home Blog PV एप से फसल गिरदावरी के विरोध में पटवारी संघ ने किया...

PV एप से फसल गिरदावरी के विरोध में पटवारी संघ ने किया बहिष्कार का ऐलान

0

बीजापुर@रामचनद्रम एरोला – खरीफ फसल गिरदावरी वर्ष 2026-27 को लेकर राजस्व पटवारी संघ ने PV (फसल भौतिक सत्यापन) एप के माध्यम से कराई जा रही फसल गिरदावरी का पूर्णतः बहिष्कार करने का ऐलान किया है। संघ ने कलेक्टर बीजापुर को ज्ञापन सौंपकर पूर्व की भांति भुइयां पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन फसल गिरदावरी कराने की मांग की है।

पटवारी संघ के अनुसार, शासन द्वारा खरीफ गिरदावरी के लिए 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक समय निर्धारित किया गया था। इसी के तहत प्रदेश के पटवारियों ने DCS एवं ऑनलाइन फसल एंट्री का कार्य शुरू किया था। संघ का कहना है कि अचानक पटवारी आईडी से ऑनलाइन फसल एंट्री बंद कर दी गई और 18 सितंबर 2026 से PV एप के माध्यम से फसल गिरदावरी करने के निर्देश जारी किए गए।

Ro.No - 13954/39

ज्ञापन में संघ ने कहा कि DCS के नक्शे में तकनीकी खामियों के कारण मौके पर किए गए नक्शा विभाजन की जानकारी शामिल नहीं हो पाई है। कई खसरों की पहचान को लेकर भी व्यावहारिक कठिनाइयां हैं। वर्तमान में खेतों में फसल लगी होने और पानी भराव की स्थिति के कारण प्रत्येक खेत के चारों कोनों में जाकर PV एप से फोटो लेना भी मुश्किल बताया गया है।

संघ ने बताया कि अनेक ग्रामों में 1,500 से लेकर 15,000 तक खसरों की फसल गिरदावरी अभी शेष है। कम समय और क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए इतने बड़े पैमाने पर PV एप से गिरदावरी पूरी करना कठिन है। संघ ने आशंका जताई कि जल्दबाजी में प्रक्रिया पूरी कराने से धान सहित अन्य खरीफ फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी प्रभावित हो सकती है और किसान फसल बेचने से वंचित हो सकते हैं।

पटवारी संघ ने मांग की है कि फसल गिरदावरी पूर्व की तरह भुइयां पोर्टल के माध्यम से कराई जाए। संघ ने चेतावनी दी है कि PV एप से गिरदावरी का कार्य दबावपूर्वक कराया गया तो राजस्व पटवारी संघ के पटवारी बिना पूर्व सूचना के अनिश्चितकालीन हड़ताल एवं धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।

ज्ञापन देने के दौरान जिला अध्यक्ष शंकर लाल कतलाम, जिला उपाध्यक्ष प्रफुल सलाम, जिला सचिव के. जी. यशवंत राव, सह सचिव मनीषा नागेश, कोषाध्यक्ष हितेन्द्र पामभोई, उप कोषाध्यक्ष रेणुका गौतम, संगठन मंत्री श्रवण गुप्ता, महामंत्री रमेश मड़ी, प्रचार मंत्री संतोष तलाण्डी, मीडिया प्रभारी बीरा राजबाबू, सलाहकार जीवन सिंह कुंजाम एवं पनेश्वर सिंह ठाकुर, संरक्षक आत्माराम नेताम एवं एस. आर. ध्रुव के साथ बेमर सिंह नाग शामिल थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here