4 लॉट की दर 10 हजार प्रति मानक बोरा से अधिक, 45 लॉट में विभागीय संग्रहण, 36 लॉट के लिए मिली निविदाएं
बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – वर्ष 2026 के तेंदूपत्ता संग्रहण एवं नीलामी में बीजापुर वनमंडल एवं जिला यूनियन को उल्लेखनीय सफलता मिली है। जिले में विभागीय रूप से संग्रहित तेंदूपत्ता की नीलामी में कई लॉटों के लिए बेहतर दरें प्राप्त हुई हैं। विभाग के अनुसार, यह पिछले कई वर्षों में बीजापुर के तेंदूपत्ता कारोबार की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक है।
जिला यूनियन बीजापुर की 28 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के अंतर्गत 45 तेंदूपत्ता लॉटों में विभागीय संग्रहण कराया गया था। छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ, रायपुर द्वारा आयोजित निविदा प्रक्रिया में व्यापारियों ने भाग लिया। 45 लॉटों में से 36 लॉटों के लिए निविदाएं प्राप्त हुईं।
10 हजार रुपये से अधिक की दर वाले 4 लॉट
नीलामी में प्राप्त दरों के अनुसार 4 तेंदूपत्ता लॉटों के लिए 10,000 प्रति मानक बोरा से अधिक की दर मिली। वहीं 8 लॉटों के लिए 9,000 से अधिक, 4 लॉटों के लिए 8,000 से अधिक तथा 10 लॉटों के लिए 7,000 से अधिक प्रति मानक बोरा की दर प्राप्त हुई। इसके अलावा 10 लॉटों के लिए 6,000 तक प्रति मानक बोरा की दर मिली।
विभाग के अनुसार, तेंदूपत्ता संग्रहण, उपचारण, भंडारण और नीलामी के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया गया। बेहतर गुणवत्ता और प्रबंधन के कारण तेंदूपत्ता को बाजार में अच्छी दर प्राप्त हुई।
संग्राहक परिवारों को मिलेगा आर्थिक लाभ
तेंदूपत्ता संग्रहण से जुड़े संग्राहकों को संग्रहण पारिश्रमिक के साथ आगामी समय में बोनस का लाभ मिलने की बात विभाग द्वारा कही गई है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, जिसमें बीमा और छात्रवृत्ति जैसी योजनाएं शामिल हैं, का लाभ पात्र संग्राहकों को मिलता है।
विभाग ने इस उपलब्धि को वन विभाग, प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों और स्थानीय तेंदूपत्ता संग्राहकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, गुणवत्तापूर्ण संग्रहण, बेहतर प्रबंधन और पारदर्शी नीलामी व्यवस्था से बीजापुर के तेंदूपत्ता को बेहतर बाजार मूल्य प्राप्त हुआ है।



