बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने पर जोर, नियमित निरीक्षण एवं मेडिकल रूम की व्यवस्था के निर्देश
उत्तर बस्तर कांकेर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मण्डावी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जिले के आवासीय विद्यालयों, छात्रावासों एवं आश्रमों के संचालन और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उनके द्वारा बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, खान-पान और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सीईओ जिला पंचायत ने आश्रमों – छात्रावासों के निरीक्षण के लिए नियुक्त अधिकारियों को नियमित रूप से संस्थाओं का निरीक्षण करने तथा आवासीय विद्यालयों, छात्रावासों एवं आश्रमों में बच्चों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी आवासीय विद्यालयों, छात्रावासों एवं आश्रमों में शिकायत पेटी अनिवार्य रूप से रखने के लिए निर्देशित किया, ताकि विद्यार्थी अपनी समस्याओं और शिकायतों को सामने रख सकें। छात्राओं की सुरक्षा और उनकी समस्याओं को समझने के लिए महिला निरीक्षणकर्ता अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय-समय पर छात्राओं से एकांत में संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए गए, ताकि वे बिना किसी संकोच के अपनी बात रख सकें। स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से प्रत्येक माह कम से कम एक बार स्वास्थ्य परीक्षण कराने को कहा गया।
इसके अलावा, अस्वस्थ एवं बीमार विद्यार्थियों की उचित देखभाल के लिए प्रत्येक संस्था परिसर में पृथक कक्ष को मेडिकल रूम के रूप में व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए। इस कक्ष में बिस्तर, आवश्यक स्वास्थ्य सामग्री एवं अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
जिला पंचायत सीईओ श्री मण्डावी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाओं का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करें, ताकि आवासीय विद्यालयों, छात्रावासों एवं आश्रमों में अध्ययनरत बच्चों को सुरक्षित वातावरण, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और समुचित देखभाल उपलब्ध हो सके।
वीडियो कॉन्फ्रेंस में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भानुप्रतापपुर, जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, जिला मिशन समन्वयक (समग्र शिक्षा), सभी खंड शिक्षा अधिकारी, मंडल संयोजक, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय अंतागढ़ के अधीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



