जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं लंबित प्रकरणों की गई समीक्षा ।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की समस्त शाखाओं का निरीक्षण कर कार्यालयीन कार्यप्रणाली एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
रक्षित केंद्र कांकेर में परेड निरीक्षण कर , आपातकालीन परिस्थितियों से लड़ने के लिए बलवा ड्रिल का कराया गया अभ्यास ।
‘पुलिस संवाद’ कार्यक्रम के अंतर्गत पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की समस्याओं एवं सुझावों को सुना गया।
पुलिसकर्मियों की आर्थिक सुरक्षा एवं आवश्यकता ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस साख समिति का किया गया शुभारंभ।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी – कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर किया गया सम्मानित।
पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज जगदलपुर श्री बद्रीनारायण मीणा (भा.पु.से.) द्वारा दिनांक 26 एवं 27 अक्टूबर 2026 को जिला कांकेर प्रवास के दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं रक्षित केंद्र कांकेर का वार्षिक निरीक्षण किया गया।
दिनांक 26 अक्टूबर 2026 को पुलिस महानिरीक्षक बद्रीनारायण मीणा (भा.पु.से.) द्वारा पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा (भापुसे) के नेतृत्व में जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर कानून-व्यवस्था की स्थिति, अपराधों की रोकथाम, लंबित प्रकरणों के निराकरण, विवेचना की गुणवत्ता तथा आम नागरिकों की शिकायतों पर की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई।
इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक कार्यालय की समस्त शाखाओं का निरीक्षण कर कार्यालयीन कार्यप्रणाली, अभिलेखों के संधारण एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता, दक्षता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ-साथ निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुरूप कार्यों का समयबद्ध निष्पादन करने पर जोर दिया गया।
दिनांक 27 अक्टूबर 2026 को पुलिस महानिरीक्षक द्वारा रक्षित केंद्र कांकेर में पुलिस परेड का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पुलिस बल के अनुशासन, शारीरिक दक्षता एवं तैयारियों का जायजा लिया गया। साथ ही बलवा ड्रिल का अभ्यास कराया गया, जिसके माध्यम से भीड़ नियंत्रण, कानून-व्यवस्था की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से निपटने तथा पुलिस बल के बीच बेहतर समन्वय एवं सामूहिक कार्यक्षमता को परखा गया।
निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान ‘ पुलिस संवाद’ कार्यक्रम आयोजित कर जिले के पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुनकर पुलिस विभाग में बेहतर संवाद एवं समन्वय को बढ़ावा देना रहा।
वार्षिक निरीक्षण के दौरान जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को पुलिस महानिरीक्षक श्री बद्रीनारायण मीणा द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुलिस बल के सभी सदस्यों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके साथ ही पुलिस सैलेरी पैकेज के तहत *आईडी ब्लास्ट में शहीद हुए परिजनो को 1 करोड़ की सहायता राशि* प्रदान की गई।यह सहायता शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इसके साथ ही पुलिसकर्मियों को संकट या जरूरत के समय कम ब्याज पर तुरंत ऋण उपलब्ध कराना और उनके वेतन से नियमित बचत कराकर उनकी आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से *पुलिस साख समिति का शुभारंभ* किया गया।
पुलिस महानिरीक्षक श्री बद्रीनारायण मीणा ने आम नागरिकों की सुरक्षा, सेवा एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने पुलिसिंग में संवेदनशीलता, कार्यकुशलता, अनुशासन एवं जवाबदेही बनाए रखते हुए जनविश्वास को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान एडिशनल एसपी योगेश साहू , एएसपी श्री राकेश कुर्रे, एसडीओपी श्री शेर बहादुर सिंह ठाकुर,एसडीओपी श्री हरीश पाटिल, डीएसपी सुश्री प्रतिभा लहरें, डीएसपी मुख्यालय सुश्री विंकेश्वरी पिंदे, एसडीओपी श्री संतोष जैन, रक्षित निरीक्षक श्री गोविन्द वर्मा, रक्षित निरीक्षक दीपक साव एवं अन्य पुलिस अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।




