” मोर-मितान” कांकेर पुलिस अभियान के तहत बीट क्षेत्र से प्राप्त सूचना के आधार पर आरोपी की पतासाजी कर 24 घंटे से कम समय में गिरफ्तारी में मिली महत्वपूर्ण सफलता।
घटना का संक्षिप्त विवरण :
मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि थाना अंतागढ़ क्षेत्रांतर्गत ग्राम हिन्दुबिनापाल (कदमपारा) निवासी आरोपी साहिल बघेल द्वारा पीड़िता को शादी का प्रलोभन देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए जाने के संबंध में पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना अंतागढ़ में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामले की संवेदनशीलता को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक उत्तर बस्तर कांकेर श्री निखिल कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़ श्री आशीष बंछोर के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अंतागढ़ श्री संतोष जैन के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी अंतागढ़ के नेतृत्व में आरोपी की पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले में संचालित मोर मितान कांकेर पुलिस अभिया के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में बीट प्रभारियों एवं बीट आरक्षकों द्वारा सूचना तंत्र को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में उक्त प्रकरण में भी बीट प्रणाली की सक्रियता महत्वपूर्ण साबित हुई।
आरोपी को अपने विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध होने की जानकारी मिलने पर वह फरार हो गया था। पुलिस टीम द्वारा लगातार पतासाजी की जा रही थी। इसी दौरान ग्राम हिन्दुबिनापाल (कदमपारा) की बीट आरक्षक म.आर. 157 लोकेश्वरी गावड़े को अपने बीट क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों एवं सक्रिय सूचना तंत्र के माध्यम से आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने निर्धारित स्थान पर दबिश देकर घेराबंदी की और 24 घंटे से कम समय में आरोपी साहिल बघेल को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर थाना अंतागढ़ के अपराध क्रमांक 68/2026, धारा 69 बीएनएस के तहत विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
आरोपी का विवरण :
1. साहिल बघेल, पिता राजेन्द्र बघेल, उम्र 23 वर्ष, जाति मरार, निवासी ग्राम हिन्दुबिनापाल (कदमपारा), थाना अंतागढ़, जिला उत्तर बस्तर कांकेर (छ.ग.)।
सराहनीय भूमिका :
थाना प्रभारी निरीक्षक कोमल भूषण पटेल, उपनिरीक्षक हेमलता परिहार, प्रधान आरक्षक बीरबल रावटे, आरक्षक लखन लाल हिडको, जागेश्वर कोमरा, महिला आरक्षक मानको दुग्गा एवं डीएसएफ आरक्षक शम्भू उसेण्डी, थाना अंतागढ़।
📢 कांकेर पुलिस की अपील :
अपराध नियंत्रण पुलिस एवं आमजन की साझा जिम्मेदारी है। आपकी एक छोटी-सी सूचना भी किसी बड़े अपराध को रोकने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। कांकेर पुलिस द्वारा संदिग्ध एवं आपराधिक गतिविधियों की सूचना देने हेतु हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 संचालित किया जा रहा है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।



