Home Blog सशक्त नारी, युवा उड़ान: 20 हजार रुपये की सहायता राशि से रश्मि...

सशक्त नारी, युवा उड़ान: 20 हजार रुपये की सहायता राशि से रश्मि के सपनों को मिलेगी नई उड़ान

0
राज्योत्सव में हितग्राहियों ने साझा किए अनुभव

रायगढ़, किसी के लिए शासकीय योजना पढ़ाई जारी रखने का सहारा बनी है, तो किसी के लिए आत्मनिर्भर बनने का अवसर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम में सशक्त नारी, युवा उड़ान थीम पर आयोजित समारोह में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित योजनाओं से उनके जीवन में आए बदलाव की झलक इस दौरान देखने को मिली।

श्रम विभाग के स्टॉल पर पहुंचीं ग्राम महापल्ली की हितग्राही रश्मि कुशवाहा ने बताया कि उन्हें विभाग की योजना के तहत नोनी सशक्तीकरण योजना के तहत 20 हजार रुपये की सहायता राशि मिली है। इस राशि का उपयोग वे अपनी पढ़ाई के लिए करेंगी। उन्होंने कहा कि आर्थिक सहायता मिलने से उन्हें अपनी शिक्षा जारी रखने में मदद मिलेगी और वे अपने सपनों को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगी। रश्मि ने इस सहायता के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की इस मदद से उन्हें पढ़ाई जारी रखने का संबल मिला है।

Ro.No - 14097/148

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा निर्माण श्रमिकों की बेटियों के भविष्य को संवारने के लिए मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत पात्र निर्माण श्रमिकों की बेटियों को शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार एवं विवाह के लिए एकमुश्त 20 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि सीधे हितग्राही बेटी के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से अंतरित की जाती है। योजना का लाभ लेने के लिए माता-पिता में से कम से कम एक का मंडल में एक वर्ष से पंजीकृत निर्माण श्रमिक होना तथा आवेदन से पूर्व एक वर्ष में कम से कम 90 दिन निर्माण कार्य किया होना आवश्यक है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here